रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:पुष्कर मेले में छाई तीन फीट की गाय, 15 इंच के बछड़े को देखने उमड़ी भीड़; विदेशी पोनी भी आकर्षण – A 3 Foot Tall Cow And A 15 Inch Calf Are The Highlights Of The Pushkar Fair, Drawing Crowds To See Them
अजमेर

राजस्थान:पुष्कर मेले में छाई तीन फीट की गाय, 15 इंच के बछड़े को देखने उमड़ी भीड़; विदेशी पोनी भी आकर्षण – A 3 Foot Tall Cow And A 15 Inch Calf Are The Highlights Of The Pushkar Fair, Drawing Crowds To See Them

November 15, 2026


अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले की रौनक अब धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगी है। मेला मैदान में देश के अलग-अलग राज्यों से पशुपालक अपने बेहतरीन नस्ल के पशुओं के साथ पहुंच रहे हैं। कहीं ऊंटों की ऊंचाई और साज-सज्जा लोगों को आकर्षित कर रही है तो कहीं शानदार नस्ल के घोड़े और गायें पशुप्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इसी बीच इस बार पुष्कर मेले में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है महज तीन फीट तक की ऊंचाई वाली पुगनूर नस्ल की नन्हीं गाय। अपने छोटे कद और खास बनावट के चलते ये गायें मेले में आने वाले लोगों को खूब लुभा रही हैं।

जयपुर से 14-15 नन्हीं गायें लेकर पहुंचे महेंद्र यादव

जयपुर से पशुपालक महेंद्र यादव इस बार पुगनूर नस्ल की 14 से 15 गायों को लेकर पुष्कर मेले में आए हैं। उन्होंने बताया कि पुगनूर नस्ल की गायें अपने बेहद छोटे कद के लिए जानी जाती हैं। इनका पालन-पोषण भी अपेक्षाकृत आसान होता है। इन्हें सामान्य खानपान दिया जाता है और इनके रखरखाव में ज्यादा परेशानी नहीं आती।

महेंद्र यादव के अनुसार, यह नस्ल मुख्य रूप से दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश और केरल क्षेत्र में पाई जाती है। छोटे आकार के कारण ये गायें कम जगह में भी पाली जा सकती हैं। यही वजह है कि मेले में पशुपालकों और पर्यटकों के बीच इनको लेकर खास दिलचस्पी दिखाई दे रही है।

तीन फीट की गाय और 15 इंच के बछड़े देखने उमड़ रहे लोग

महेंद्र यादव ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से पुगनूर नस्ल की गायों की ब्रीडिंग कर रहे हैं। वर्तमान में उनके पास करीब 50 से 60 गायें हैं। इस बार वह 14-15 गायों को लेकर पुष्कर पहुंचे हैं। इन गायों की ऊंचाई करीब तीन फीट तक होती है, जबकि इनके साथ मौजूद छोटे बछड़ों की ऊंचाई महज 15 इंच के आसपास है। इतनी छोटी कद-काठी के पशुओं को देखकर मेले में आने वाले लोग हैरान रह जाते हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक और पशुप्रेमी इनके साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और इस खास नस्ल के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी भी पालते हैं पुगनूर नस्ल की गाय

पुगनूर नस्ल की गायों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ने की एक वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी इस नस्ल की गायों का पालन करना बताया जा रहा है। इसके चलते देशभर में इस खास नस्ल को लेकर लोगों का आकर्षण बढ़ा है। छोटा आकार, कम जगह में पालन की सुविधा और अलग पहचान के कारण पशुपालकों के बीच भी पुगनूर गायों की लोकप्रियता बढ़ रही है। पुष्कर मेले में इन गायों को देखने के लिए लगातार लोग पहुंच रहे हैं।

स्कॉटलैंड की शेटलैंड पोनी भी बनी आकर्षण

पुष्कर मेले में केवल नन्हीं गायें ही नहीं, बल्कि छोटे कद का विदेशी घोड़ा भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। पशुपालक अजेंद्र यादव यूरोप की प्रसिद्ध शेटलैंड पोनी लेकर पहुंचे हैं। घोड़े की यह खास नस्ल स्कॉटलैंड के शेटलैंड द्वीप समूह की मूल निवासी है।

अपनी छोटी कद-काठी, मजबूत शरीर और घने बालों के लिए पहचानी जाने वाली यह पोनी देखने में भले ही छोटी हो, लेकिन काफी मजबूत होती है। इसकी बनावट और खासियतों को जानने के लिए भी मेले में आने वाले लोग उत्सुकता दिखा रहे हैं।

कभी खेतों और कोयले की खदानों में काम आती थी पोनी

अजेंद्र यादव ने बताया कि पहले शेटलैंड पोनी का इस्तेमाल खेतों में जुताई करने, ईंधन और समुद्री शैवाल ढोने के साथ ही कोयले की खदानों में सामान खींचने के लिए किया जाता था। अपने छोटे आकार और मजबूत शरीर के कारण यह कठिन परिस्थितियों में भी काम करने में सक्षम होती है।

देशी-विदेशी नस्लों का संगम बना पुष्कर मेला

कुल मिलाकर पुष्कर का पशु मेला इस बार भी देशी और विदेशी पशुओं की अनूठी नस्लों का संगम बनता नजर आ रहा है। एक तरफ तीन फीट की पुगनूर गाय और महज 15 इंच के बछड़े लोगों को आश्चर्यचकित कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ स्कॉटलैंड की शेटलैंड पोनी अपनी खास बनावट से आकर्षित कर रही है। इन अनोखे पशुओं को देखने के लिए मेला मैदान में बड़ी संख्या में पर्यटक और पशुप्रेमी पहुंच रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X