रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अंबिकापुर में हैवानियत की हदें पार:छह पिल्लों को पीटकर पेट्रोल से जलाया, सीसीटीवी में कैद हुई क्रूरता – Ambikapur 6 Puppies Burned Alive Minors Identified Cctv
अंबिकापुर

अंबिकापुर में हैवानियत की हदें पार:छह पिल्लों को पीटकर पेट्रोल से जलाया, सीसीटीवी में कैद हुई क्रूरता – Ambikapur 6 Puppies Burned Alive Minors Identified Cctv

November 15, 2026


ambikapur 6 puppies burned alive minors identified cctv

सांकेतिक तस्वीर

विस्तार

अंबिकापुर शहर में बेजुबान पिल्लों के साथ बेहद क्रूर व्यवहार का मामला सामने आया है। पंजाब गार्डन के पीछे कुछ नाबालिगों ने छह पिल्लों को पहले बेरहमी से पीटा, फिर उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस अमानवीय कृत्य में सभी छह पिल्लों की मौत हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाबालिगों की पहचान कर उनके परिजनों को थाने तलब किया है।

सीसीटीवी फुटेज से सामने आई क्रूरता

पंजाब गार्डन के पीछे जब राहगीरों ने पिल्लों के अधजले शव पड़े देखे, तो उन्होंने तुरंत पशु प्रेमियों को इसकी सूचना दी। उस समय आवारा कुत्ते पिल्लों के शवों को नोच रहे थे। सूचना मिलने पर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधजले शवों को बोरी में रखकर सुरक्षित रखवाया और गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। शनिवार को पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में नाबालिग पिल्लों को मारते और उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते साफ दिखाई दिए।

दो स्ट्रीट डॉग ने दिया था बच्चों को जन्म

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि घटनास्थल के पास ही दो स्ट्रीट डॉग ने बच्चों को जन्म दिया था। इनमें से तीन पिल्लों की देखरेख आसपास के लोग कर रहे थे, जबकि बाकी पिल्ले अपनी मां के पीछे घूमते रहते थे। आरोप है कि नाबालिगों ने इन्हीं पिल्लों को पकड़कर पीटा और फिर जला दिया।

पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई की तैयारी

गांधीनगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि घटना में शामिल नाबालिगों की पहचान कर ली गई है तथा उनके अभिभावकों को थाने बुलाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला नाबालिगों से जुड़ा होने के बावजूद उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तमाम संभावनाओं को देखा जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X