रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बांदा

Banda News:बांदा गौरव सम्मान से नवाजी गईं 22 से अधिक विभूतियां – More Than 22 Prominent Individuals Honored With The ‘banda Gaurav Samman’

November 15, 2026


बांदा। संघर्षों से सफलता हासिल कर देश-विदेश में जिले का नाम रोशन करने वाली 22 से अधिक विभूतियों और संस्थाओं को शनिवार को बांदा गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। गायत्री नगर में रेयांश सॉल्यूशंस, बांदा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक और बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, खेल, कला, साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान हुआ।

मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू और संरक्षक पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने शुभारंभ किया।

संवाद सत्र में पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने युवाओं को स्वावलंबी बनने और नशे से दूर रहने की सलाह दी। पूर्व जिला जज शक्तिकांत श्रीवास्तव ने शहर की यातायात व्यवस्था और टाउन प्लानिंग सुधारने का सुझाव दिया। पीएमओ में कार्यरत ओपी सिंह ने अनुशासन और समय की पाबंदी को सफलता का मंत्र बताया। पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने बांदा में आईआईटी, एनआईटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय और रोजगारपरक उद्योगों की स्थापना की मांग उठाई।

आयोजक शोभित निगम ने बताया कि करीब 100 नामांकनों में से निर्णायक मंडल ने प्रतिभाओं का चयन किया। फोनपे के संस्थापक समीर निगम का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। समारोह में चार पुस्तकों व्यंग्य कौमुदी, गलतियों का एमबीए, बांदा संजीवनी और महिला उद्यमिता पर आधारित पुस्तक का विमोचन हुआ। संचालन पंकज रावत और आरुषि ने किया। डॉ. मनोज शिवहरे ने आभार जताया।

इनका हुआ सम्मान

डॉ. शरद चतुर्वेदी, डॉ. मोनिका सक्सेना, पत्रकार सुधीर निगम, साहित्यकार गोपाल गोयल, बैडमिंटन खिलाड़ी मोहम्मद अर्श, पहलवान लक्ष्मीकांत राजपूत, धावक मोतीलाल चौरसिया, शिक्षाविद डॉ. जगन्नाथ पाठक, उद्यमी रजत गुप्ता और समाजसेवी रिजवान अली सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं शामिल रहीं। मरणोपरांत सम्मान स्व. डॉ. जीएन भार्गव, स्व. डॉ. एसएन सिंह और पत्रकार स्व. बाबू रामेश्वर प्रसाद गुप्ता को दिया गया। बांदा गॉट टैलेंट में गायन के सीनियर वर्ग में निश्चल और जूनियर वर्ग में अनवी तथा नृत्य में रक्षा मिश्रा और नित्या साहू विजेता रहीं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X