2027 में बनेगी सामाजिक न्याय की सरकार :श्यामलाल – A Government Of Social Justice Will Be Formed In 2027: Shyamlal
मानिकपुर (चित्रकूट)। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि 2027 में प्रदेश में सामाजिक न्याय की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे।
वे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को एक कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। कोल आदिवासी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने और हर खाते में 15 लाख रुपये भेजने का वादा किया था, लेकिन सारे वादे जुमले निकले।
उन्होंने सरकार पर प्रदेश में करीब दो लाख विद्यालय बंद करने का आरोप लगाया, इसका सबसे ज्यादा असर गरीब व आदिवासी परिवारों के बच्चों पर पड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
इस मौके पर स्नातक एमएलसी मान सिंह, सदर विधायक अनिल प्रधान, पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव, डॉ. निर्भय सिंह पटेल, राजनारायण कोल, भैयालाल यादव, अनुज सिंह यादव, गौरीशंकर यादव, ऋतुराज वर्मा, एजाज हसन सिद्दीकी, राकेश यादव और कोमल यादव व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उधर, मऊ क्षेत्र के गुरदरी गांव में श्याम लाल पाल ने आदिवासी समाज के 100 बच्चों को स्कूल बैग और किताबें वितरित कीं।
