Chitrakoot News:सड़क पर गड्ढे, धूल के गुबार से 200 परिवार परेशान – Potholes On The Road And Clouds Of Dust Are Causing Distress To 200 Families
चित्रकूट। राजापुर में तुलसी चौक से यमुना पुल तक एक किमी एनएच की हालत खराब है।
जगह-जगह गड्ढे और बिखरी गिट्टी से दिनभर धूल उड़ रही है। इससे आसपास के 200 परिवार परेशान हैं। लोगों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी और आंखों में जलन हो रही है। रोज छह-सात मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
कर्वी से अयोध्या को जोड़ने वाले इस राष्ट्रीय राजमार्ग से रोजाना करीब पांच से छह हजार वाहन निकलते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और उन्हें भरने के लिए डाली गई गिट्टी व डस्ट वाहनों के पहियों से उड़कर आसपास की दुकानों व उनसे जुड़े मकानों में पहुंच रही है। दिनभर धूल के गुबार छाए रहते हैं। इससे हादसे का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश से पहले सड़क पर डामर डालकर मरम्मत कराई गई थी, लेकिन बारिश के दौरान ही परत उखड़ गई। इसके बाद सड़क पर गिट्टी बिखर गई और धूल की समस्या बढ़ती चली गई।
सड़क किनारे करीब 200 दुकानें हैं। कई दुकानदार इन्हीं दुकानों से जुड़े मकानों में परिवार के साथ रहते हैं। सड़क से उड़ने वाली धूल दुकानों के अंदर तक पहुंच रही है।
सीएचसी राजापुर के प्रभारी डॉक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि धूल से बचाव के लिए मास्क और चश्मे का इस्तेमाल करना चाहिए।
आंखों में जलन हुई तो कराना पड़ रहा इलाज
रात-दिन सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण उनकी आंखों में जलन होने लगी। परेशानी बढ़ने पर अस्पताल में दिखाया। डॉक्टर ने दवा के साथ चश्मा लगाने की सलाह दी है।- विनय कुमार
धूल से आंखों में जलन व सांस लेने में परेशानी हो रही है। डॉक्टर को दिखाने पर मास्क पहनने की सलाह मिली है। सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो लोगों की परेशानी और बढ़ेगी।- उदय मोदनवाल
बोले जिम्मेदार
कर्वी से अयोध्या को जोड़ने वाले इस राष्ट्रीय मार्ग के मरम्मत के लिए 44 किमी का टेंडर होगा। इसको लेकर शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इसके पास होते ही काम शुरू होगा।-नितिन कुमार सहायक अभियंता, एनएच।

14 सीकेटीपी-06-एनएच में दोपहर में उड़ रही धूल से शाम जैसा माहौल। संवाद

14 सीकेटीपी-06-एनएच में दोपहर में उड़ रही धूल से शाम जैसा माहौल। संवाद

14 सीकेटीपी-06-एनएच में दोपहर में उड़ रही धूल से शाम जैसा माहौल। संवाद
