Ambedkar Nagar News:आज से पोर्टल पर दर्ज कराएं परिवार का विवरण – Register Your Family Details On The Portal Starting Today
अंबेडकरनगर। जनगणना-2027 के तहत जिले में 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए नागरिकों को 30 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इसके बाद एक दिसंबर से गणनाकर्मी घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य शुरू करेंगे।
स्वगणना के लिए नागरिकों को se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करना होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिवार के सदस्यों की जानकारी भरकर फॉर्म सबमिट करना होगा। स्वगणना में परिवार के सदस्यों के नाम, उम्र, लिंग, शिक्षा, रोजगार, वैवाहिक स्थिति, मातृभाषा और दिव्यांगता समेत 40 सवालों के जवाब देने होंगे।
इसके अलावा मकान का पता और डिजिटल नक्शे पर उसकी लोकेशन भी दर्ज करनी होगी। इसमें जो परिवार ऑनलाइन स्वगणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर गणनाकर्मी पहुंचकर जानकारी जुटाएंगे। इसके बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य होगा। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्सना बंधु ने नागरिकों से स्वगणना में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।
