रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kullu News:बर्फ के फाहों से खिले चेहरे, जाम ने रोकी रफ्तार – Faces Lit Up At The Sight Of Snowflakes; Traffic Ground To A Halt
कुल्लू

Kullu News:बर्फ के फाहों से खिले चेहरे, जाम ने रोकी रफ्तार – Faces Lit Up At The Sight Of Snowflakes; Traffic Ground To A Halt

November 15, 2026


सोलंगनाला (कुल्लू)। रोहतांग दर्रे पर रविवार को बर्फबारी शुरू होते ही पर्यटकों का रोमांच बढ़ गया, लेकिन वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई। आसमान से गिरते बर्फ के फाहों के बीच सैलानी उत्साहित नजर आए, वहीं सड़क पर फिसलन और वाहनों की बढ़ती संख्या से जाम की स्थिति बन गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रोहतांग दर्रे और उसके पार जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी। दर्रे की ओर जा रहे वाहनों को करीब दो किलोमीटर पहले से ही वापस भेजना शुरू कर दिया गया। इससे पर्यटकों को दर्रे तक पहुंचे बिना ही लौटना पड़ा, हालांकि रास्ते में बर्फबारी का नजारा देखकर उन्होंने इसका आनंद भी लिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे तक रोहतांग दर्रे पर पांच सेंटीमीटर से अधिक बर्फ जम चुकी थी। मढ़ी तक बर्फ के फाहे गिरे, जबकि अटल टनल रोहतांग के छोर पर भी करीब दो सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। सुबह से ही बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन रोहतांग की ओर निकले थे। बर्फबारी शुरू होने के बाद दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। दर्रे से वापस लौट रहे वाहनों की संख्या बढ़ने से मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। इससे पर्यटकों के साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।

बर्फबारी के बीच सड़क पर फिसलन बढ़ने की आशंका से वाहन चालकों को धीमी रफ्तार और सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। क्षेत्र में तैनात पुलिस जवानों ने यातायात सुचारु रखने और वाहनों को सुरक्षित तरीके से मनाली की ओर भेजने के लिए मशक्कत की। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाते हुए दर्रे की ओर आवाजाही पर रोक लगाई।

…………

दो महीने बाद बारिश से थमी धूल, ढालपुर मैदान में कीचड़ से बढ़ी परेशानी

कुल्लू। जिले की ऊंची चोटियों पर रविवार को बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में करीब दो महीने बाद बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से ठंड बढ़ गई है। लोगों ने गर्म कपड़े निकालने के साथ घरों में हीटर और तंदूर भी जलाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, बारिश से सड़कों और बाजारों में उड़ रही धूल से राहत मिली, लेकिन ढालपुर मैदान में लगे अस्थायी बाजार में कीचड़ फैलने से खरीदारों और दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई।

जिले में सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ था। पहले ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हुई और दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। बादलों और धूप के बीच करीब 20 मिनट तक हुई बारिश से लोगों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। ढालपुर मैदान में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों को कीचड़ के कारण दुकानों तक पहुंचने और वापस लौटने में परेशानी हुई।

जिला मुख्यालय में लंबे समय से बारिश न होने के कारण सड़कों पर वाहनों के गुजरने से धूल उड़ रही थी। ढालपुर के अस्थायी बाजार में भी धूल-मिट्टी से दुकानदार और खरीदार परेशान थे। रविवार को हुई बारिश से धूल थमने पर लोगों को राहत मिली। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। लोगों ने स्वेटर और जैकेट पहनने शुरू कर दिए हैं। घरों में बंद पड़े हीटर और तंदूर भी जलने लगे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X