कोरबा के जंगल में टाइगर की आहट!:मिले बड़े-बड़े पंजों के निशान, ग्रामीणों में दहशत – Tiger Pugmarks Reportedly Found In Korba’s Kudmura Range Kalmitikra Village, Panic Among Villagers,
कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के कलमीटिकरा गांव के जंगल में बाघ के पदचिह्न मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हलचल मच गई है। ग्रामीणों ने सुबह जंगल की ओर जाते समय जमीन पर बड़े पंजों के निशान देखे। इन पदचिह्नों को बाघ का बताया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और बाघ की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कुदमुरा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पदचिह्नों की जांच शुरू की। हालांकि, वन विभाग ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि मिले हुए पदचिह्न वास्तव में बाघ के ही हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पदचिह्नों का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है। एक विशेषज्ञ दल द्वारा नाप-जोख और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इसकी पहचान की जा रही है।
वन विभाग के एहतियाती कदम
वन विभाग ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को फिलहाल जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे अकेले जंगल न जाएं। उन्हें मवेशियों को भी जंगल में चराने से बचने की सलाह दी गई है। वन अमले द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त भी बढ़ा दी गई है।
क्षेत्र के लिए संभावित प्रभाव
गौरतलब है कि कोरबा जिले के जंगल कोरबा, कटघोरा और लेमरू हाथी प्रभावित क्षेत्र रहे हैं। बाघ की मौजूदगी की खबर से वन विभाग भी सतर्क हो गया है। यदि बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होती है, तो यह इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण घटना होगी। सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। फिलहाल सभी की नजरें वन विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कलमीटिकरा में मिले निशान बाघ के हैं या नहीं।

कोरबा में टाइगर के पदचिह्न मिलने से सनसनी,गांव में दहशत

कोरबा में टाइगर के पदचिह्न मिलने से सनसनी,गांव में दहशत

कोरबा में टाइगर के पदचिह्न मिलने से सनसनी,गांव में दहशत
