रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जालौन

Jalaun News:नरी में फर्जी बिजली चेकिंग टीम विवाद की जांच शुरू, निगम का कर्मचारी था मौजूद – Investigation Begins Into Fake Electricity Checking Team Controversy In Nari, Corporation Employee Was Present

November 15, 2026


– पहले अधिकारियों ने कर्मचारी की मौजूदगी से किया था इन्कार, अब कैलिया बिजलीघर के स्थायी कर्मचारी का नाम आया सामने

संवाद न्यूज एजेंसी

उरई। कैलिया थाना क्षेत्र के नरी गांव में बिजली निगम की फर्जी चेकिंग टीम बनकर पहुंचे युवकों और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के मामले में अब विभागीय जांच तेज हो गई है। शनिवार को बिजली निगम की विजिलेंस टीम गांव पहुंची और घटनाक्रम से जुड़े तीन लोगों के बयान दर्ज किए। कुछ संबंधित लोग मौके पर मौजूद नहीं मिले, जिनके बयान सोमवार को लिए जाएंगे। जांच में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि घटना के समय कैलिया बिजलीघर का एक स्थायी कर्मचारी भी मौके पर मौजूद था। जबकि घटना के बाद बिजली निगम के अधिकारी किसी भी विभागीय कर्मचारी की मौजूदगी से इनकार कर रहे थे।

दरअसल, बीती 10 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे कुछ युवक यूपी 92 एपी 6696 नंबर की प्राइवेट चार पहिया गाड़ी से नरी गांव पहुंचे थे। गांव निवासी माता प्रसाद ने आरोप लगाया कि युवकों ने खुद को बिजली निगम का कर्मचारी बताते हुए दुकान पर बिजली चेकिंग शुरू कर दी थी। उसने विभागीय पहचान पत्र और चेकिंग से संबंधित अनुमति दिखाने को कहा, लेकिन युवक कोई पहचान पत्र नहीं दिखा सके। इस पर ग्रामीणों ने भी उनसे पूछताछ शुरू कर दी।

आरोप है कि खुद को घिरता देख युवक ग्रामीणों पर रौब झाड़ने लगे। इसी दौरान एक युवक डायरी में ग्रामीणों के नाम नोट करने लगा। इसको लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की होने लगी। ग्रामीणों के एकजुट होकर विरोध करने पर युवक अपनी गाड़ी लेकर मौके से भाग निकले थे।

घटना सामने आने के बाद बिजली निगम के अधिकारियों ने शुरुआती जांच में गांव में विभाग की ओर से कोई चेकिंग टीम भेजे जाने से इनकार किया था। अधिकारियों का कहना था कि मौके पर विभाग का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। हालांकि, अब विभागीय जांच के दौरान कैलिया बिजलीघर के एक स्थायी कर्मचारी की मौजूदगी की बात सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। विजिलेंस टीम संबंधित कर्मचारी के भी बयान दर्ज करेगी।

फिलहाल विजिलेंस टीम शुरुआती तौर पर इसे बिजली चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई के बजाय आपसी विवाद का मामला मानकर जांच कर रही है। हालांकि, विभागीय कर्मचारी की मौजूदगी की पुष्टि होने पर यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि आखिर वह मौके पर किस उद्देश्य से पहुंचा था और युवकों के साथ उसकी क्या भूमिका थी। सोमवार को होने वाले बयानों के बाद मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। विजिलेंस टीम के प्रभारी मोहम्मद जावेद ने बताया कि मामले में कुछ लोगों के बयान लिए हैं। माता प्रसाद समेत कई लोगों के बयान सोमवार को लिए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X