Kushinagar News:लक्ष्मीपुर में आठ करोड़ से बनेगा नया बिजली उपकेंद्र, 40 गांवों को मिलेगी राहत – New Electricity Substation To Be Built In Lakshmipur At A Cost Of Eight Crore; 40 Villages To Benefit
उपकेंद्र बनने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था होगी बेहतर, पडरौना उपकेंद्र का घटेगा लोड
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य, क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत, खर्च होंगे आठ करोड़
पडरौना। बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लक्ष्मीपुर में नया विद्युत उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए शासन से आठ करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। उपकेंद्र के चालू होने से क्षेत्र के करीब 40 गांवों के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। साथ ही पडरौना विद्युत उपकेंद्र पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार भी कम होगा।
अभी लक्ष्मीपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पडरौना विद्युत उपकेंद्र से होती है। उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली की बढ़ती मांग के कारण उपकेंद्र पर लोड बढ़ रहा है। इसका असर आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ता है। गर्मी के मौसम में ओवरलोडिंग और तकनीकी दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र के लोग लंबे समय से बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और बिजली निगम के अधिकारियों से मांग कर रहे थे। लोगों की समस्याओं को देखते हुए बिजली निगम ने लक्ष्मीपुर में नया विद्युत उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए आठ करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
नया विद्युत उपकेंद्र बनने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे पडरौना उपकेंद्र पर निर्भरता कम होगी और बिजली का लोड भी विभाजित हो सकेगा। पडरौना विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लक्ष्मीगंज गांव में विद्युत उपकेंद्र बनाने की मंजूरी मिली है। इसके निर्माण पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। विभागीय स्तर पर निर्माण की तैयारियां पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
