Kushinagar News:शादी के नाम पर ठगी और लड़कियों की खरीद-फरोख्त, कई राज्यों तक फैला गिरोह – Fraud In The Name Of Marriage And The Trafficking Of Girls; A Gang With Reach Across Several States
पश्चिमी यूपी से लेकर हरियाणा, पंजाब और राजस्थान तक फैला नेटवर्क
शादी का झांसा देकर लोगों को बना रहे निशाना, पुराने आरोपियों का रिकॉर्ड
कुशीनगर। कुशीनगर में शादी कराने के नाम पर युवतियों की खरीद-फरोख्त और ठगी करने वाला गिरोह कई राज्यों तक फैला है। राजस्थान के युवक के साथ ठगी के मामले में गिरफ्तार दो महिलाओं से पूछताछ में पुलिस को नेटवर्क के अन्य सदस्यों और पुराने मामलों के बारे में अहम जानकारियां मिली हैं।
शादी कराने के नाम पर युवतियों को बेचने और लोगों से ठगी करने वाला गिरोह पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान तक सक्रिय बताया जा रहा है। गिरोह के सदस्य शादी कराने का झांसा देकर दूसरे राज्यों के लोगों से मोटी रकम वसूलते हैं। इसके बाद युवतियों को गायब कर देने या शादी के नाम पर दूसरे तरीके से ठगी करने की शिकायतें सामने आती हैं।
पुलिस की पूछताछ में पकड़ी गईं आरोपी गुड़िया और अर्चना ने गिरोह से जुड़ी कई महिलाओं के नाम बताए हैं। पुलिस अब इन नामों और संभावित ठिकानों के आधार पर नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है और इसमें किन-किन महिलाओं की भूमिका है।
सूत्रों के अनुसार, गिरोह के सदस्य दूसरे राज्यों के ऐसे लोगों को निशाना बनाते हैं, जो शादी के लिए युवती की तलाश में रहते हैं। उन्हें शादी कराने का भरोसा देकर संपर्क किया जाता है। रकम लेने के बाद युवती को रास्ते से गायब कर दिया जाता है या शादी के नाम पर अन्य तरीके से ठगी की जाती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को ऐसे गिरोहों पर नजर रखने और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पूर्व में भी ठगी कर चुकी है अर्चना
पुलिस की पूछताछ में देवरिया जिले की अर्चना ने गिरोह से जुड़ी कई महिलाओं के नाम बताए हैं। उसने बताया कि गिरोह की महिलाएं सोशल मीडिया के जरिये शादी के इच्छुक लोगों से संपर्क करती हैं। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी कराने के नाम पर भी रकम का लेन-देन किया जाता है। इस नेटवर्क में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों के लोग भी जुड़े बताए जा रहे हैं। अर्चना के मोबाइल से पुलिस को कई संदिग्ध नंबर मिले हैं। इनकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अर्चना पहले भी गुड़िया जैसी युवतियों को आगे कर दूसरे राज्यों के लोगों को शादी के नाम पर ठग चुकी है। पुलिस की जांच में गोरखपुर, कुशीनगर और महराजगंज समेत कई जिलों में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह की सक्रियता सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पकड़े जाने से बचने के लिए बेची गई युवती को अपनी बेटी बताने लगते हैं ताकि पुलिस को उन पर शक न हो।
ऐसे काम करता है गैंग
गिरोह के सदस्य ऐसे गरीब परिवारों की तलाश करते हैं, जहां बेटियों की संख्या अधिक हो और उनकी शादी में आर्थिक परेशानी आ रही हो। गिरोह की महिलाएं पहले इन परिवारों से नजदीकी बढ़ाती हैं। इसके बाद हरियाणा में अच्छे रिश्ते का भरोसा दिलाती हैं। वे परिवारों को यह भी बताती हैं कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी भी वहां कराई है और वह खुशहाल है। बात पक्की होने पर युवती की तस्वीर संभावित दूल्हे के परिवार को भेजी जाती है। कई बार युवती को दूसरे राज्य ले जाने में परेशानी होने पर गिरोह के सदस्य खुद उसे वहां पहुंचाते हैं। कुछ मामलों में तथाकथित रिश्तेदारों को हरियाणा से गोरखपुर बुलाया जाता है। उनके आने-जाने की योजना पहले से तैयार रहती है। इसके बाद आनन-फानन में शादी कराकर युवती को दूल्हे और उसके साथ आए लोगों के साथ भेज दिया जाता है। शादी की जानकारी आसपास के लोगों को भी नहीं हो पाती। सामान्य तरीके से विदाई कराकर पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की जाती है।
केस-एक
जुलाई 2023 के शुरुआती सप्ताह में हाटा नगर की एक युवती और उसके माता-पिता ने नगर के ही एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाया था। परिवार का आरोप था कि युवती के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसे नेपाल में बेच दिया। परिजनों ने युवक और उसके परिवार पर लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने और नेपाल में बेचने का भी आरोप लगाया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
केस-दो
24 अगस्त 2022 को लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में कार सवार कुछ अपरिचित लोगों के साथ हाटा कोतवाली क्षेत्र की एक युवती मिली थी। युवती पगरा में अपने एक परिचित के घर रह रही थी। आरोप है कि कुछ लोग उसे कार में बैठाकर लखनऊ ले जा रहे थे। यातायात पुलिसकर्मियों को देखकर युवती ने शोर मचाया। पुलिस ने वाहन रोककर पूछताछ की तो युवती ने बताया कि जिस घर में वह काम करती थी, वहां के लोगों ने बिचौलिए के जरिये उसे बेच दिया था और जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे थे। बीबीडी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। हाटा के भिस्वां की एक महिला को भी तीन साल पहले इसी तरह के मामले में जेल भेजा गया था।
केस-तीन
8 जुलाई 2015 को कुशीनगर के हाटा परसौनी निवासी तीन महिलाओं समेत छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप था कि इन लोगों ने एक किशोरी को बहला-फुसलाकर हरियाणा में बेच दिया था। इसके बदले उन्हें 50 हजार रुपये मिले थे। छह महीने बाद किशोरी किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची। इसके बाद शादी के नाम पर लड़कियों को बेचने का मामला सामने आया।
केस-चार
6 फरवरी 2016 को गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र स्थित बुढ़िया माई मंदिर में हरियाणा के एक युवक की शादी कराई गई थी। आरोप है कि गिरोह ने कुशीनगर की एक युवती को झांसा देकर बेच दिया था। युवती के शोर मचाने पर मामले का पर्दाफाश हुआ।
वर्जन
शादी के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने और इसकी आड़ में बेटियों को बेचने वाले गिरोह के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पूर्व की घटनाओं में शामिल आरोपियों की गतिविधियों का भी पता कराया जा रहा है। सभी थानाध्यक्षों को ऐसे गिरोहों से जुड़ी महिलाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। काफी समय से गिरोह इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
– सिद्धार्थ वर्मा, एएसपी कुशीनगर
