Firozabad News:फर्जी शिक्षकों की फिर खुली फाइल, 15 बर्खास्त और 10 से रिकवरी का हिसाब तलब – Case Of Fake Teachers Reopened: 15 Dismissed, And Recovery Of Funds Sought From 10 Others
फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी शैक्षिक अभिलेखों के सहारे नौकरी पाने वाले शिक्षकों का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। शासन स्तर से लगातार मांगी जा रही सूचनाओं के बाद विभाग ने पुराने मामलों की फाइलें खंगालनी शुरू कर दी हैं। जिले में अब तक बर्खास्त किए गए 15 शिक्षकों का ब्योरा शासन को भेजा गया है। इनमें करीब 10 शिक्षकों से वेतन की रिकवरी के लिए भी कार्रवाई की गई है। रिकवरी की रकम लाखों रुपये में बताई जा रही है।
शासन ने जिलों से पूछा है कि अब तक कितने शिक्षकों की फर्जी नियुक्ति सामने आई और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। कितने शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त किया गया और कितनों से सरकारी धन की वसूली हो सकी है। इस सूचना के लिए बेसिक शिक्षा विभाग में पुराने रिकॉर्ड खंगाले गए। अधिकारियों और कर्मचारियों को देर तक अभिलेखों का मिलान करना पड़ा। इसके बाद जिले की रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई।
दरअसल, एसआईटी जांच में फर्जी अभिलेखों के मामले सामने आने के बाद कई शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की गई थीं। कुछ मामलों में मुकदमे भी दर्ज हुए। हालांकि, बाद में न्यायालय से स्थगन आदेश मिलने और वेतन जारी होने जैसे प्रकरणों के चलते कार्रवाई की स्थिति जटिल हो गई थी। अब शासन ने फिर से पूरे जिले का ब्योरा तलब किया है। इससे पुराने मामलों की स्थिति दोबारा चर्चा में आ गई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, भेजी गई 15 शिक्षकों की सूची वर्ष 2004-05 में चिह्नित शिक्षकों के मामलों से अलग है। इनमें बर्खास्तगी के साथ करीब 10 शिक्षकों के खिलाफ रिकवरी की कार्रवाई भी की गई है।
नोटिस जारी हुए, लेकिन जांच का अता-पता नहीं
फर्जी अभिलेखों से नौकरी पाने के अन्य संदिग्ध मामलों को लेकर भी विभाग में सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि पिछले कुछ वर्षों में कई शिक्षकों को विभागीय स्तर से नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उनके मामलों में आगे की कार्रवाई स्पष्ट नहीं है। इन नोटिसों का विभागीय रिकॉर्ड में विवरण उपलब्ध होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब शासन की ओर से लगातार जानकारी मांगे जाने के बाद ऐसे मामलों की जांच और कार्रवाई को लेकर भी उम्मीद बढ़ी है।
इनका कहना है
– शासन से फर्जी शिक्षकों और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगा गया था। उनके कार्यकाल से पहले वर्ष 2004-05 के मामलों को छोड़कर 15 दर्जन से अधिक शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी और रिकवरी की कार्रवाई हुई थी। एसआईटी जांच की प्रक्रिया भी चल रही है। इनकी सुनवाई होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।अनिल कुमार, बीएसए
