सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:गोपालगंज सदर अस्पताल में दो मरीजों की मौत, डॉक्टर नहीं मिलने पर परिजनों का हंगामा और तोड़फोड़ – The Deaths Of Two Patients Due To Medical Negligence At Gopalganj Sadar Hospital Bihar News
सारण

बिहार:गोपालगंज सदर अस्पताल में दो मरीजों की मौत, डॉक्टर नहीं मिलने पर परिजनों का हंगामा और तोड़फोड़ – The Deaths Of Two Patients Due To Medical Negligence At Gopalganj Sadar Hospital Bihar News

November 16, 2026


गोपालगंज जिले के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का मामला सामने आया है। आपातकालीन वार्ड में समय पर डॉक्टर और चिकित्सीय सहायता नहीं मिलने के आरोप के बीच दो अलग-अलग मामलों में दो मरीजों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुरा कोठी गांव निवासी दुलारचंद यादव (44) और जादोपुर थाना क्षेत्र के नया टोला दलिया निवासी सुमन देवी (35) के रूप में हुई है। दोनों मरीजों की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

चार घंटे तक भटकते रहे परिजन, नहीं मिले डॉक्टर

परिजनों के अनुसार, किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित दुलारचंद यादव को सिधवलिया से सदर अस्पताल रेफर किया गया था। अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन वार्ड में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। मृतक की साली ज्योति कुमारी ने बताया कि वे लोग मरीज को लेकर करीब चार घंटे तक अस्पताल में इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली। परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज और डायलिसिस की सुविधा नहीं मिलने के कारण दुलारचंद की मौत हो गई।

पढ़ें:  बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 25 नवंबर को होनी थी शादी

वहीं, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सुमन देवी के परिजनों ने भी अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे। समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण सुमन देवी की भी मौत हो गई।

अस्पताल में तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दो मरीजों की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान अस्पताल के मुख्य दरवाजे का शीशा और वार्ड में रखी कुर्सियां तोड़ दी गईं। हंगामे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। साथ ही परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

अस्पताल उपाधीक्षक ने दी सफाई

इस घटना ने सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शशिरंजन ने बताया कि मरीज को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए, जिससे स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि हंगामे के दौरान डर के कारण डॉक्टर वहां से हट गए थे। फिलहाल अस्पताल में स्थिति सामान्य है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X