Pauri News:पौड़ी को बाइपास किए जाने का विरोध – Opposition To Bypassing Pauri
पौड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण की प्रस्तावित योजना में दरकिनार कर बाइपास और सुरंग निर्माण की कवायद से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा है। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति ने शहर में सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर आंदोलन का एलान किया है। समिति ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर पौड़ी की पहचान और अस्तित्व बचाने के लिए व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
समिति के संयोजक नमन चंदोला ने कहा कि राज्य गठन के 26 साल बाद भी पौड़ी विकास की मुख्यधारा से नहीं जुड़ पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब शहर को बाइपास कर उसकी पहचान और अस्तित्व को कमजोर करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता सुरंग नहीं बल्कि शहर में सड़क चौड़ीकरण चाहती है। पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गडोली से घोड़ीखाल तक प्रस्तावित करीब 800 करोड़ रुपये की सुरंग के बजाय सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। इस विकल्प पर करीब 200 से 250 करोड़ रुपये खर्च होंगे और सरकार के 550 करोड़ रुपये से अधिक बचेंगे। चंदोला ने कहा कि पौड़ी को भी सड़क चौड़ीकरण का अधिकार है। प्रस्तावित सुरंग निर्माण का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। संवाद
