Bageshwar News:एक महीने से जलापूर्ति चरमराई, आंदोलन की चेतावनी – Water Supply Disrupted For A Month; Threat Of Protest Issued
बागेश्वर। नगर के आदर्श कॉलोनी और तहसील रोड क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। पिछले एक महीने से यहां जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। हालात यह हैं कि एक-दो दिन छोड़कर बेहद कम मात्रा में पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में जल संस्थान के प्रति भारी आक्रोश है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार विभाग को अवगत करा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। कई अन्य स्थानों पर नलों से गंदा पानी आने की भी शिकायतें मिल रही हैं। लोगों ने विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जब नगर में यह हाल है, तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गीता देवी, कमला देवी, चंपा देवी, खष्टी जोशी, महेश चंद्र और सुरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति दुरुस्त नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे। एई दीनदयाल ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पानी की किल्लत है, वहां जांच कराई जाएगी। संबंधित जेई को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। संवाद
.
