सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:छोटे भाई ने मां के सामने कमल को मारा था चाकू, हत्या की प्राथमिकी दर्ज – Younger Brother Stabbed Kamal In Front Of Their Mother; Fir For Murder Registered

November 16, 2026


– आत्महत्या का रूप देने में जुटी मां, थानाध्यक्ष भी उच्चाधिकारियों को पास कर दिए मैसेज

– पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उठा सवाल तो देर रात तक पुलिस ने आरोपी भाई पर की कार्रवाई

पटहेरवा (कुशीनगर)। पटहेरवा गांव में कमल की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया। मां ने छोटे बेटे पर चाकू से गर्दन पर हमला हत्या करने की बात कही है। हालांकि महिला का कहना है कि शिवम ने हत्या करने की नीयत से चाकू नहीं चलाया था। कमल की मां की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पटहेरवा गांव निवासी अरविंद शर्मा का बड़ा बेटा कमल (25) अपनी मां अनीता देवी और छोटे भाई शिवम के साथ रहता था। शुक्रवार रात घर में कमल की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर कई जगह घाव मिले थे।

घटना के बाद मां अनीता देवी थाने पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में मां ने बेटे की मौत को आत्महत्या बताया था। इसके आधार पर थानाध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों को भी आत्महत्या की सूचना दे दी।

शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। रिपोर्ट में कमल के शरीर पर 12 जगह चोट के निशान मिले। इसके बाद एएसपी सिद्धार्थ वर्मा के निर्देश पर सीओ जयंत कुमार ने मामले की जांच की। जांच में हत्या की बात सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने मां अनीता देवी से तहरीर लेकर छोटे बेटे शिवम के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली। तहरीर में मां ने आरोप लगाया है कि छोटे बेटे ने उसके सामने ही कमल पर चाकू से हमला किया था। हालांकि दोनों भाईयों के बीच हुए विवाद का खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं, मां अनीता देवी को हिरासत में रखा गया है। शनिवार शाम घर पहुंचे पिता अरविंद शर्मा ने कमल के शव का दाह संस्कार कर दिया। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

मां ने पहले कही थी आत्महत्या की बात

कमल की मां अनीता ने पहले पुलिस के सामने झूठ बोला था कि उसके बेटे ने आत्महत्या कर ली है। उसके एक बेटे की मौत हो चुकी थी। उसे डर था कि सच्चाई बताने पर उसके दूसरे बेटे की भी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। यदि दूसरे बेटा भी नहीं रहेगा तो उसका भविष्य बर्बाद हो जाएगा। अनीता ने बताया कि कमल शिवम को अक्सर मारता-पीटता था। घटना वाली शाम शिवम ने हत्या की नीयत से चाकू नहीं चलाया था लेकिन गर्दन पर लग जाने के कारण कमल की मौत हो गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X