हाथरस जिले में अवैध अस्पतालों और पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीएम सत्यप्रकाश पटेल के निर्देश पर टीमों ने सिकंदराराऊ और सासनी क्षेत्र में तीन पैथोलीज व एक अस्पताल सील, दो को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई डीएम से मिली गोपनीय शिकायतों के आधार पर की गई।
डिप्टी एसएमओ डॉ. एमआई आलम ने सिकंदराराऊ के वाजिदपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। यहां आस्था पैथोलॉजी लैब और मॉडर्न पैथोलॉजी लैब अपंजीकृत मिलीं। मानकों के विपरीत संचालित दोनों लैबों को सील कर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हाल में मिली जानकारियों के आधार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई का दुरुपयोग करने वालों से भी सख्ती से निपटा जाएगा।– सत्यप्रकाश पटेल, डीएम