गोंडा में रविवार रात गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जबकि, दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसा नवाबगंज क्षेत्र के पटपरगंज मार्ग पर हुआ। जैतपुर गांव के मजरे खेमपुर निवासी ओमप्रकाश का छोटा बेटा अमरजीत रविवार शाम दोस्तों सूरज और कमलेश के साथ बाइक से नवाबगंज बाजार गया था। रात करीब 9.30 बजे तीनों घर लौट रहे थे।
सोनारन पुरवा कोठिया के पास सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक अमरजीत की मौत हो गई थी। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज, अयोध्या भेजा गया।
सीओ डॉ. यूपी सिंह ने बताया कि किशोर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली गई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।