सोमवार की सुबह साढ़े बजे नेशनल हाईवे पर भटा रोड के सामने सवारियां उतार रही एक निजी ट्रैवल्स की बस में मोबिल ऑयल से भरे टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गये। टक्कर लगने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने टक्कर लगने के बाद घायल हुई बस की दो सवारियों को सामुदायिक स्वास्थ्य अजीतमल पहुंचाया। जहां गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद एक को मेडिकल कॉलेज सैफई व दूसरे को चिचौली रेफर कर दिया गया।
दिल्ली से सवारियां लेकर एक निजी ट्रैवल्स की बस कानपुर जा रही थी। बस सुबह साढ़े छह बजे औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में भटा रोड के सामने सवारियां उतार रही थी। बस के ऊपर छत पर स्कूटी रखी हुई थी। सवारी छत पर रखी स्कूटी उतार रही थी। तभी इटावा की तरफ से आ रही मोबिल ऑयल से भरे टैंकर ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद टैंकर हाईवे पर पलट गया और उसमें भरा मोबिल ऑयल हाईवे पर फैल गया। टक्कर लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो चालक अपने ऑटो हटाने लगे। बस सवार प्रियांशू (24) पुत्र जयंत निवासी मूसानगर कानपुर देहात और रंजीत कुमार (23) पुत्र छोटेलाल निवासी कौशांबी को घायल अवस्था में एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर चोट होने के कारण प्रियांशू को जिला अस्पताल चिचौली एवं रंजीत को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची हाईवे क्रेन से पलटे हुए टैंकर को हटाया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि टैंकर ने बस में टक्कर मारी है जिसमें दो लोग घायल हुए हैं।