सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उन्नाव

Unnao News:अपहरण व जानलेवा हमले के आरोपियों को मिली जमानत – Accused In Kidnapping And Life-threatening Assault Case Granted Bail

November 16, 2026


-13 अगस्त को ससुराल के लिए निकली महिला के अपहरण करने का आरोप

-15 मार्च 2025 काे बाइक रिपेयरिंग के रुपये मांगने पर किया था जानलेवा हमला

संवाद न्यूज एजेंसी

उन्नाव। जनपद की सत्र अदालतों में विवाहिता का अपहरण व जानलेवा हमला करने के दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई। दोनों ही मामलों में अभियोजन पक्ष के कड़े विरोध और आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बावजूद न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्य व परिस्थितियों के आधार पर सशर्त रिहाई के आदेश जारी किए हैं।

सदर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 13 अगस्त 2026 को उसकी बेटी मायके से ससुराल जाने के लिए निकली थी। पांच दिन बाद बेटी ने पति को फोन कर सुल्तानपुर के गोसाईगंज निवासी मो. फिरोज द्वारा अगवा कर बंधक बनाए जाने की जानकारी दी। 28 अगस्त 2026 को पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन के पास ढूंढ निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आरोपी ने अपने अधिवक्ता ने जरिए न्यायालय में जमानत की अर्जी दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल नौ गंभीर मुकदमे दर्ज होने की दलील देकर जमानत का विरोध किया। हालांकि मेडिकल रिपोर्ट में चोट की पुष्टि न होने, सार्वजनिक स्थान से बरामदगी जैसे बिंदुओं के आधार पर न्यायाधीश ने आरोपी को 70-70 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और प्रतिभूति पर सशर्त जमानत दे दी।

वहीं दूसरे मामले में सफीपुर निवासी शिवप्यारी के अनुसार, 15 मार्च 2025 की सुबह पुत्र ज्ञानेंद्र की बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर अनाम और राम बाइक ठीक कराने आए थे। सर्विस के रुपये मांगने पर दोनों ने ज्ञानेंद्र से मारपीट की। ज्ञानेंद्र जान बचाकर घर भागा तो दोपहर करीब 12 बजे शेरपुर खुर्द गांव निवासी लवकुश, गुरुदयाल उर्फ पप्पू समेत करीब 15 नामजद और 20-25 अज्ञात लोग तब्बल, चाकू, लोहे की रॉड, हॉकी और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस आए।

हमलावरों ने ज्ञानेंद्र, राजेंद्र, रावेंद्र और बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों को बुरी तरह पीटा। हमले में रावेंद्र बेहोश हो गया और उसके हाथ की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया। गैर-जमानती वारंट पर पांच नवंबर से जेल में बंद आरोपी लवकुश की अर्जी पर सुनवाई करते हुए सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार ने क्रॉस केस और दोनों पक्षों को चोट, विवेचना में सहयोग व सजा की अवधि जैसे बिंदुओं के आधार पर उसे 25-25 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X