सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, छठी मईया के जयकारों से गूंजे घाट – Muzaffarpur Bihar News :chhath Concluded With Arghya The Rising Sun Devotee Broke Their 36 Hour Waterless Fast
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, छठी मईया के जयकारों से गूंजे घाट – Muzaffarpur Bihar News :chhath Concluded With Arghya The Rising Sun Devotee Broke Their 36 Hour Waterless Fast

November 16, 2026


लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। इस मौके पर मुजफ्फरपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर भगवान भास्कर और छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठी मईया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया।

36 घंटे के निर्जला व्रत का हुआ समापन

चार दिनों तक चले इस महापर्व में श्रद्धा, भक्ति, उल्लास और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रतियों ने रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। इसके बाद सोमवार तड़के घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी के साथ 36 घंटे तक चलने वाला निर्जला व्रत पूरा हुआ। व्रतियों ने भगवान भास्कर और छठी मईया से अपने परिवार की सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की।

मुजफ्फरपुर के प्रमुख घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

छठ पूजा को लेकर मुजफ्फरपुर जिले के प्रमुख घाटों पर विशेष रौनक रही। शहर के सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, लकड़ीढही घाट, अखाड़ा घाट और चंदवारा घाट सहित कई स्थानों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा ब्रह्मपुरा पोखर, तीन पोखरिया, पड़ाव पोखर, साहू पोखर मंदिर तालाब और रामदयालु कॉलेज परिसर स्थित घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

घाटों पर सुबह से ही छठी मईया के जयकारे गूंजते रहे। उगते सूर्य की पहली किरण के साथ श्रद्धालुओं ने पानी में खड़े होकर अर्घ्य दिया। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों की मधुर धुन ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। ‘उठे सूर्य भगवान, अंगना में दीहीं दर्शन’ जैसे गीतों के बीच व्रतियों ने सूर्य देव की आराधना की।

प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को दी छठ की शुभकामनाएं

पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों ने छठी मईया और भगवान भास्कर को अर्पित प्रसाद ग्रहण किया और निर्जला व्रत का पारण किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे बिहार में चार दिनों तक चले इस पर्व के दौरान भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और नारी शक्ति के सम्मान का भी प्रतीक है। इस पर्व में समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ घाटों पर पहुंचकर सूर्य उपासना करते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X