जबलपुर:नाबालिग की निर्मम हत्या, पुरानी रंजिश में पांच लड़कों ने घेरकर मौत के घाट उतारा, पत्थर और चाकू से गोदा – Jabalpur: 17-year-old Boy Killed In Stone And Knife Attack, Five Accused Booked Over Revenge Dispute
November 16, 2026

नाबालिग की हत्या
विस्तार
शहर के नसीमाबाग स्थित चार खंभा इलाके में रविवार देर रात करीब एक बजे पांच लड़कों ने 17 वर्षीय किशोर की पत्थर से हमला करने के बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नौसाद अली के रूप में हुई है। नौसाद अपने चाचा के साथ वेल्डिंग का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रास्ते में घेरकर किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय नौसाद अली रविवार देर रात बाजार से वापस अपने घर लौट रहा था। वह जैसे ही चार खंभा क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी इलाके के ही रहने वाले पांच लड़कों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने सबसे पहले नौसाद के सिर पर भारी पत्थर से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए और लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर हालत में नौसाद को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
थप्पड़ का बदला लेने के लिए रंजिश
मृतक के चाचा नासिर अली ने बताया कि नौसाद उनकी वेल्डिंग की दुकान पर काम करता था। लगभग एक महीने पहले हनुमानताल इलाके में आरोपियों में से एक लड़का चोरी कर रहा था। उस समय नौसाद ने आरोपी को चोरी करते हुए पकड़ लिया था और उसे थप्पड़ मार दिया था। इस बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगा था।
ये भी पढ़ें: बुरहानपुर में मंदिर और दरगाह ट्रस्ट का जमीन विवाद फिर गरमाया: धर्मगुरु सैयदना से मुलाकात पर अड़ा मंदिर पक्ष
चाचा नासिर अली का आरोप है कि इसी थप्पड़ का बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने रविवार रात नौसाद को अकेला पाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि नौसाद का सिर्फ इतना कसूर था कि उसने एक चोर को पकड़ा था। परिजनों के मुताबिक आरोपी लड़कों के कई फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर भी अपलोड हैं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि मृतक के चाचा नासिर अली के बयान के आधार पर पांच लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल आरोपियों की तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
