दारानगर कड़ाधाम नगर पंचायत के कुबरी घाट पर छठ पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर पंचायत की ओर से घाट की साफ-सफाई के साथ अन्य व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। बता दें कि छठ पर्व पर फरीदगंज, अजुहा, सिराथू, दारानगर, देवीगंज समेत दर्जनों गांवों से सैकड़ों महिलाएं यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचती हैं।
रविवार शाम महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी। इस कारण घाट पर साफ-सफाई के साथ प्रकाश की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण केसरवानी ने मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि व्रती महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट तैयार कराया जा रहा है। घाट पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के साथ-साथ निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी ताकि पूजा के दौरान किसी को किसी प्रकार की परेशानी न हो।