Amethi News:…यार मेरी पगड़ी तू कब तक उछालेगा – …man, How Long Are You Going To Keep Dragging My Reputation Through The Mud?
इन्हौंना। कुकहा रामपुर स्थित निजी कॉलेज में बाल दिवस पर आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव विभोर किया। किसी ने दोस्ती और रिश्तों की बात कही तो किसी ने बचपन की यादों और देश प्रेम को शब्द दिए।
संदीप शर्मा की पंक्तियां कभी आओ करीब बैठो और हमसे पूछो कि हाल क्या है, दिखाएंगे तुमको दर्द दिल का बताएंगे कि मलाल क्या है… ने श्रोताओं को भावुक किया। कवि सम्मेलन की शुरुआत जितेंद्र मिश्र ने नेहरू और उनकी बेटी के बीच पत्रों के माध्यम से संवाद पर आधारित कविता से की।
ोहम्मद सादिक सादिक ने कहा, एक भूल वर्षों दुश्मनी निकालेगा, यार मेरी पगड़ी तू कब तक उछालेगा। डीके सिंह ने अवधी रचना के माध्यम से ग्रामीण जीवन का चित्रण किया। रामशंकर सिंह ने सास-बहू के रिश्तों पर व्यंग्य करते हुए कहा, पढ़े-लिखे और समझदार कै, देखा यहीं विकास, आधा अंगना बहू बुहारे आधा अंगना सास।
रमजान अली सफीर ने देश की विशेषताओं पर रचना सुनाई। राजकिशोर सिंह ने गंगाजल और आस्था के भाव प्रस्तुत किए। राजेंद्र प्रसाद शुक्ल ने बाल रूप में जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व पर कविता सुनाई। शिवकिशोर खंजन ने बचपन की यादों को शब्द दिए। डॉ. आनंद ओझा की हास्य रचना बीवी कहती पाया है, बच्चा कहता लाया है, घर पहुंचूं तो मां ये पूछे बेटा दिन भर खाया है… पर श्रोताओं ने आनंद लिया।
कार्यक्रम में कवि विजय शंकर भास्कर की पुस्तक अपूर्वा सुमित्रा का विमोचन भी हुआ। मुख्य अतिथि श्रुति अवस्थी ने कवियों और वक्ताओं को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। अध्यक्षता वरिष्ठ कवि मथुरा प्रसाद जटायु ने की।
विशिष्ट अतिथि पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद ओझा रहे। शिवाकांत शुक्ल, मथुरा प्रसाद जटायु, विजय शंकर भास्कर और डॉ. सुशील कुमार पांडेय ने भी गीत प्रस्तुत किए। आयोजक सूर्यमणि ओझा और विद्यालय प्रबंधक जगदंबा प्रसाद तिवारी ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।
