Mathura News:श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन के लिए दिए सुझाव – Suggestions Offered For Crowd Management In The Shri Banke Bihari Temple Area
वृंदावन। श्रीबांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण स्थानीय लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को लेकर अधिवक्ता शिवम गौतम ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन को कुछ सुझाव दिए हैं।
अधिवक्ता शिवम गौतम ने बताया कि मंदिर परिसर के 500 मीटर के दायरे में निवास करने वाले परिवारों-विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। उन्होंने बांकेबिहारी हाई पावर कमेटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के समक्ष कुछ सुझाव रखे हैं।
इसमें विद्यापीठ चौराहा, हरिनिकुंज चौराहा, गौतम पाड़ा तिराहा, जुगल घाट और वीआईपी गेट के समीप लाइव दर्शन की व्यवस्था के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगवाने को कहा। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर विकेंद्रीकृत पास काउंटर बनाए जाएं। इससे मंदिर के मुख्य मार्गों और संकरी गलियों में भीड़ के दबाव को कम किया जा सकेगा। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में श्रद्धालुओं से कुछ समय के लिए अपनी वृंदावन यात्रा स्थगित करने का भी सुझाव दिया है। संवाद
