Chandigarh News:अश्विन और आदर्श के शतकों से हरियाणा ने बनाए 514 रन – Haryana Scored 514 Runs, Aided By Centuries From Ashwin And Adarsh
विजय मर्चेंट अंडर-16 ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ पहली पारी घोषित, चंडीगढ़ ने पांच विकेट पर बनाए 189 रन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। अश्विन लोहान और आदर्श मलिक के शानदार शतकों की बदौलत हरियाणा ने विजय मर्चेंट अंडर-16 ट्रॉफी एलीट मुकाबले के दूसरे दिन रविवार को चंडीगढ़ के खिलाफ अपनी पहली पारी 514/8 रन पर घोषित कर दी। रविवार को शिवमोगा में आयोजित तीन दिवसीय मुकाबले में दिन की शुरुआत छह विकेट पर 372 रन के स्कोर से करने वाली हरियाणा की टीम ने 142 रन और जोड़े। अश्विन लोहान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 20 चौकों और दो छक्कों की मदद से 174 रन बनाए। वहीं आदर्श मलिक ने भी शानदार शतक जड़ते हुए 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 104 रन बनाए। विराट बालियान ने 45 रन का योगदान देकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की।
चंडीगढ़ की ओर से तेजस प्रीत सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 100 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि कहाना राठौर ने 124 रन देकर दो विकेट चटकाए।
हरियाणा की पारी घोषित होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी चंडीगढ़ की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 63 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 189 रन बना लिए थे। चंडीगढ़ की टीम अभी हरियाणा से 325 रन पीछे है और उसके पांच विकेट शेष हैं।चंडीगढ़ की ओर से वेदांश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाए। अनुज ओझा ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि खुशराज 35 रन बनाकर नाबाद रहे।
