Rewari News:ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़ों के बाजार में लौटी रौनक, बिक्री में 40 फीसदी तक उछाल – As The Cold Intensifies, The Market For Warm Clothing Sees A Revival, With Sales Surging By Up To 40 Percent
रेवाड़ी। ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों की बिक्री भी बढ़ गई है। इसके चलते बाजारों में गर्म वस्त्रों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर और ऊनी दस्तानों की मांग में तेजी देखने को मिल रही है।शहर के बाजार में पिछले कुछ दिनों से गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ी है।
दुकानदार विजय यादव और राजू सैनी ने बताया कि इस बार पिछले साल की तुलना में सर्दी ने पहले दस्तक दी है। नवंबर की शुरुआत से ही तापमान में गिरावट आने के कारण लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए लोग स्वेटर, मोजे और अन्य ऊनी वस्त्र खरीद रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से मंदी का सामना कर रहे कपड़ा कारोबारियों को ठंड बढ़ने से राहत मिलने की उम्मीद है। बाजार में स्वेटर, शॉल, जैकेट और टोपी की बिक्री में तेजी आई है।
वहीं, ऊनी कपड़ों की नई वैरायटी और फैशनेबल डिजाइनों के कारण युवाओं में भी खरीदारी को लेकर उत्साह है। कारोबारियों को आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ रजाई और कंबल की बिक्री में भी इजाफा होने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, सर्दी की शुरुआत ने गर्म कपड़ों के बाजार में रौनक बढ़ा दी है। इससे जहां लोग ठंड से बचाव की तैयारी में जुटे हैं, वहीं स्थानीय कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की आस जगी है।
गर्म कपड़ों और फुटवियर की मांग बढ़ी
मॉडल टाउन के कपड़ा व्यापारी राजेश ने बताया कि तापमान में गिरावट आते ही गर्म कपड़ों की बिक्री में 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। लोग अब सर्दी से बचाव के लिए पूरी तैयारी के साथ खरीदारी कर रहे हैं। बच्चों के लिए ऊनी स्वेटर और स्कूल यूनिफॉर्म के अलावा महिलाओं के लिए शॉल व कार्डिगन की मांग काफी बढ़ गई है। वहीं, रेलवे रोड स्थित फुटवियर दुकानदार किर्वेंद्र ने बताया कि सर्दी की शुरुआत के साथ ही लोग गर्म जूते और स्लीपर खरीदने लगे हैं। ऊनी मोजों और दस्तानों की बिक्री में भी तेजी आई है। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बाजार में नए विंटर कलेक्शन भी उतारे हैं।
