हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा एक और जमा दो के विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण में संशोधन के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोलने का निर्णय लिया है। विद्यालय 17 से 25 नवंबर तक विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण में दर्ज त्रुटियों को ठीक कर सकेंगे। इसके लिए बोर्ड की ओर से नौ दिन का अतिरिक्त समय दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस दौरान विद्यार्थियों के नाम, पिता और माता के नाम, लिंग, जन्मतिथि, श्रेणी और विषयों से संबंधित विवरण में संशोधन किया जा सकेगा।
संशोधन केवल संबंधित विद्यालयों के माध्यम से बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित अवधि में ही किए जाएंगे। सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण का सावधानीपूर्वक मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर 25 नवंबर तक उसे ठीक करना होगा। संशोधन मैट्रिक परीक्षा के अभिलेख के आधार पर ही किए जाएंगे।