Kathua News:आतिशबाजी और पराली जलाने से बीमार हुई जिलेे की हवा – Jammu And Kashmir News
बढ़ते प्रदूषण से एलर्जी और अस्थमा के मरीजों की चिंता बढ़ी, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। आतिशबाजी और पराली जलाने से कठुआ की हवा की गुणवत्ता प्रभावित होने लगी है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 142 दर्ज किया गया, जिसमें पीएम2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। बढ़ते प्रदूषण से एलर्जी और अस्थमा के मरीजों की चिंता बढ़ गई है, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
नवंबर में तापमान में गिरावट के साथ सुबह और शाम के समय हवा में मौजूद प्रदूषकों का प्रभाव अधिक महसूस हो रहा है। दिवाली के बाद पटाखों से निकला धुआं कई स्थानों पर वातावरण में बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में फसल अवशेष जलाने से उठने वाला धुआं भी वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाला धुआं, वाहनों का प्रदूषण और सड़कों की धूल पहले से ही प्रदूषण का दबाव बढ़ा रहे हैं। वरिष्ठ कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहिंदर लाल ने बताया कि वायु प्रदूषण बढ़ने पर एलर्जी से पीड़ित मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। विशेष रूप से नाक और गले की एलर्जी तथा दमा के मरीजों को प्रदूषित वातावरण से बचने की जरूरत है। चिकित्सक ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को भी प्रदूषण के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जहां संभव हो, अधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए। यदि सांस लेने में परेशानी, अस्थमा के लक्षण बढ़ने या एलर्जी की समस्या महसूस हो तो चिकित्सक से संपर्क कर उचित उपचार और सलाह लेनी चाहिए।
प्रदूषण के स्रोतों पर प्रभावी निगरानी की मांग
कठुआ में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए केवल पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले धुएं, वाहनों के प्रदूषण और सड़कों की धूल पर प्रभावी निगरानी की जरूरत है। खुले में कचरा और फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर भी नियंत्रण आवश्यक है। संबंधित विभागों को शहर के साथ औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर प्रदूषण के स्रोतों पर ठोस कदम उठाने चाहिए।
