Rajouri News:पुंछ में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश, सेना ने की फायरिंग – Infiltration Attempt Along The Loc In Poonch; Army Opens Fire
पुंछ। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर आतंकियों ने रविवार की देर रात घुसपैठ की कोशिश की। सेना के जवानों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर आतंकियों षड्यंत्र को नाकाम कर दिया। इसके बाद पूरे इलाके को सील कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
सावजियां सेक्टर में एलओसी के पास फेंसिंग से आगे किनारी क्षेत्र में तैनात जवानों ने रात करीब 1:30 बजे संदिग्ध गतिविधियां देखी। इस जवान सतर्क हो गए। कुछ देर बाद पीओके की तरफ से दो से तीन आतंकी भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश करते दिखाई दिए। इस पर जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और छोटे हथियारों से लगभग 15 से 20 राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद घुसपैठियों की हलचल बंद हो गई।
रात के अंधेरे में तुरंत आगे की कार्रवाई करना जोखिम भरा था। ऐसे में जवान घटनास्थल पर मोर्चा लिए रहे। अतिरिक्त बल बुलाकर पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया ताकि कोई भी घुसपैठिया बचकर वापस न भाग सके। सुबह उजाला होते ही सेना और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र के चप्पे-चप्पे की छानबीन की। हालांकि सुरक्षा बलों के हाथ कोई संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक वस्तु नहीं लगी है। सुरक्षा बलों को अंदेशा है कि अंधेरे की आड़ में घुसपैठिए वापस भाग गए होंगे या फिर उसी इलाके में छिपे हो सकते हैं।
