प्राइजमनी इंदिरा मैराथन:धावकों के लिए सुरक्षा, मेडिकल और जलपान के पुख्ता इंतजाम, 19 नवंबर को होगा आयोजन – Indira Marathon: Robust Arrangements For Runner Safety, Medical Support, And Refreshments; Event To Be Held On November 19
41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन व हाफ मैराथन के लिए धावकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह आयोजन 19 नवंबर को आनंद भवन से शुरू होगा और मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आकर समाप्त होगा। इस दौड़ में सेना के जवान, रेलवे के कर्मचारी, एथलेटिक्स खिलाड़ी और महिलाएं प्रतिभाग करेंगी। हाफ मैराथन में भाग लेने वाले धावक रोजाना लगभग तीन से चार घंटे का अभ्यास कर रहे हैं साथ ही अपने डाइट पर भी विशेष ध्यान रख रहे हैं।
मदन मोहन मालवीय स्टेडियम के उप क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया स्टेडियम में पहले से ही मेडिकल टीम और ट्रैक पर वॉलिंटियर्स की मौजूदगी रहेगी। इंदिरा मैराथन को सफल बनाने के लिए ट्रैकों की विशेष देखभाल की जा रही है। सड़कों की सफाई और रूट को पूरी तरह क्लियर रखने की भी व्यवस्था की गई है। इस आयोजन में यातायात पुलिस भी अहम भूमिका निभाएगी। वॉलंटियर्स की टीम रूट को सुरक्षित रखने और धावकों की मदद करने में सहयोग करेगी। हर टेबल/बूथ पर वॉलिंटियर्स की टीम मौजूद रहेगी जो धावकों को पानी और जलपान कराकर उनका उत्साहवर्धन करेगी।
स्टेडियम में यह होगीं व्यवस्थाएं
चिकित्सा सुविधा व जलपान
मैराथन के दौरान धावकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए स्टेडियम में मेडिकल टीम मौजूद रहेगी। यदि कोई धावक बेहोश होता है या चोटिल होता है तो तुरंत प्राथमिक उपचार किया जाएगा। जो धावक सफलतापूर्वक मैराथन के फिनिशिंग पॉइंट तक पहुंचेंगे उन सभी के लिए विशेष रूप से जलपान की व्यवस्था रहेगी।
सेना के जवान भी करेंगे प्रतिभाग
इंदिरा मैराथन में सेना के जवान भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। जानकारी के मुताबिक सोमवार तक 45 सेना के जवानों ने अपना पंजीकरण करवाया है। आने वाले दिनों में इस आंकड़े में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
फुल मैराथन के लिए 69 धावकों ने कराया पंजीकरण
इंदिरा मैराथन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण कराए जा सकते हैं। इसके लिए दिशानिर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। नियमानुसार 18 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष व महिलाएं फुल और हाफ मैराथन में भाग ले सकेंगे। खेल कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सोमवार तक ऑनलाइन माध्यम से फुल मैराथन में 44 पुरुषों और 4 महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। वहीं ऑफलाइन माध्यम से 19 पुरुषों और 2 महिलाओं ने प्रतिभागिता दर्ज कराई है।
हाफ मैराथन के आंकड़े भी हुए जारी
हाफ मैराथन के लिए सोमवार तक कुल 71 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें ऑनलाइन माध्यम से कुल 21 पुरुषों और एक महिला ने पंजीकरण कराया है जबकि ऑफलाइन माध्यम से कुल 45 पुरुषों और 4 महिलाओं ने पंजीकरण करवाया है।
