उदयपुर:एक परिवार के चार सदस्य सूरत में लेंगे दीक्षा, निकला वरघोड़ा – Four Members Of The Jain Family In Udaipur Are Set To Become Jain Monks
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में त्याग, तपस्या और वैराग्य की अनूठी मिसाल देखने को मिली है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्य सांसारिक मोह-माया का त्याग कर जैन संत बनने जा रहे हैं। ये सभी अगले साल फरवरी में गुजरात के सूरत में जैन दीक्षा ग्रहण करेंगे।
सुभाष नगर में इन मुमुक्षुओं के सम्मान में एक भव्य वरघोड़ा निकाला गया। इसके बाद अभिनंदन समारोह आयोजित कर समाज की ओर से उनका बहुमान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुभाष नगर जैन सोसायटी श्रीसंघ ने किया। वरघोड़ा सुबह 10:30 बजे सुभाष नगर स्थित 140, लेन नंबर 6 से शुरू हुआ। यह विभिन्न मार्गों से होता हुआ सुबह 11:30 बजे महावीर भवन पहुंचकर संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने इसमें शामिल होकर चारों मुमुक्षुओं के त्याग और वैराग्य भाव की अनुमोदना की। सुभाष नगर जैन सोसायटी श्रीसंघ के अध्यक्ष राकेश नंदावत ने बताया कि दिलीप भाई, ज्योति बेन, छवि बेन और चार्वी बेन दीक्षा लेंगे।
समाज का अभिनंदन
वरघोड़े के दौरान कुंदन चंडालिया परिवार ने चारों दीक्षार्थियों का स्वागत किया। इसके बाद सुभाष नगर जैन सोसायटी श्रीसंघ ने उनका बहुमान एवं अभिनंदन किया। समारोह में अतिथि प्रमोद सामर ने कहा कि धार्मिक धरोहर और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि यह परिवार अपने त्याग और समर्पण से इसका साक्षात उदाहरण पेश कर रहा है। समाज ने इसे धार्मिक आस्था, त्याग और आध्यात्मिक प्रेरणा का गौरवपूर्ण अवसर बताया।
उपस्थित गणमान्यजन
कार्यक्रम में सुभाष नगर जैन सोसायटी के उपाध्यक्ष मनीष नागौरी, महामंत्री हेमंत कोठारी और मंत्री सुरेश जैन सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। गगन तलेसरा, प्रकाश जैन, निर्मल भंडारी और शांतिलाल कदमलिया भी उपस्थित थे। अमित लोढ़ा सहित अन्य समाजजनों ने भी चारों दीक्षार्थियों का अभिनंदन किया। सभी ने उनके आगामी संयम जीवन की मंगलकामना की। जैन परंपरा में सांसारिक मोह-माया का त्याग कर संयम के मार्ग पर बढ़ने वाले व्यक्ति को मुमुक्षु कहा जाता है।

जैन दीक्षा
