मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kaithal News:11 साल बाद पूरा होगा क्योड़क क्षत्रिय पशु चिकित्सा केंद्र का अधूरा भवन – The Incomplete Building Of The Kyodak Kshatriya Veterinary Centre Will Be Completed After 11 Years
कैथल

Kaithal News:11 साल बाद पूरा होगा क्योड़क क्षत्रिय पशु चिकित्सा केंद्र का अधूरा भवन – The Incomplete Building Of The Kyodak Kshatriya Veterinary Centre Will Be Completed After 11 Years

November 17, 2026


कैथल। करीब 11 साल से अधूरे पड़े क्योड़क स्थित लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के रीजनल सेंटर का निर्माण अब पूरा होने की उम्मीद है। अब सरकार ने परियोजना के लिए 12.50 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।

करीब 22 करोड़ रुपये की लागत वाले इस भवन पर पहले ही 8.50 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। बजट के अभाव में रुके निर्माण को दोबारा गति मिलने से पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलने का रास्ता खुलेगा। केंद्र शुरू होने पर पशुओं के ऑपरेशन, एक्स-रे, लैब टेस्ट और गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। विभिन्न बीमारियों की पहचान के लिए जरूरी उपकरण लगाए जाएंगे। इससे गाय, भैंस सहित अन्य पशुओं की सामान्य बीमारियों के साथ गंभीर रोगों का उपचार और जटिल सर्जरी भी संभव हो सकेगी।

रीजनल सेंटर में पशुओं के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ खून, पेशाब, मल, दूध और संक्रमण की जांच की सुविधा होगी। इसके अलावा एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, गर्भ जांच, बांझपन, थनैला रोग, त्वचा, आंख, हृदय और फेफड़ों की जांच की जा सकेगी। लीवर और किडनी की जांच के साथ बैक्टीरियल संक्रमण का पता लगाने तथा जरूरत पड़ने पर पशुओं के जटिल ऑपरेशन और सर्जरी की सुविधा भी मिलेगी। अभी ऐसी सुविधाओं के लिए पशुपालकों को हिसार स्थित लुवास पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार बड़े पशुओं को लंबी दूरी तक ले जाना मुश्किल होता है।

10 एकड़ जमीन पर 2015 में शुरू हुई थी परियोजना

क्योड़क में लुवास का रीजनल सेंटर स्थापित करने की घोषणा अक्तूबर 2015 में हुई थी। इसके लिए ग्राम पंचायत ने करीब 10 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई थी। शुरुआत में परियोजना के लिए लगभग 17 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया था। इसके तहत भवन निर्माण शुरू हुआ, लेकिन बाद में निर्माण और अन्य सुविधाओं के लिए अतिरिक्त बजट की जरूरत पड़ी। बजट की कमी के कारण निर्माण बीच में रोकना पड़ा। लंबे समय तक काम बंद रहने से परिसर की चारदीवारी भी क्षतिग्रस्त हो गई। अब रुपये जारी होने के बाद अधूरे भवन और जरूरी सुविधाओं का निर्माण पूरा करवाया जाएगा।

बॉक्स-

चार जिलों और पंजाब के पशुपालकों को भी मिलेगा लाभ

इस केंद्र का लाभ कैथल के अलावा कुरुक्षेत्र, अंबाला और जींद के पशुपालकों को भी मिलेगा। पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले पशुपालक भी यहां उपचार करवा सकेंगे। इससे आसपास के क्षेत्रों में पशुपालन करने वाले किसानों को गंभीर बीमारियों और सर्जरी के लिए दूरदराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

जिला परिषद और गुर्जर धर्मशाला में भी उठा था मुद्दा

रीजनल सेंटर का निर्माण पूरा करवाने की मांग जिला परिषद की बैठकों और गुर्जर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भी उठाई गई थी। विकास तंवर ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए परियोजना पूरी करवाने की जरूरत बताई थी।

निजी डॉक्टरों से महंगे दाम पर करवाना पड़ता है इलाज

पशुपालक चांदी राम, मनजीत व राजेश ने बताया कि क्षेत्र में बेहतर पशु अस्पताल नहीं होने के कारण पशुपालकों को निजी डॉक्टरों से पशुओं का इलाज करवाना पड़ता है। निजी डॉक्टर उपचार के मनमाने दाम वसूलते हैं। वहीं, पशुओं का एक्सरे करवाने जैसी सुविधाओं के लिए करनाल या हिसार जाना पड़ता है। इससे पशुपालकों को समय और पैसे दोनों खर्च करने पड़ते हैं।

क्योड़क स्थित लुवास के रीजनल सेंटर के अधूरे निर्माण कार्य पर 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वीकृत मुख्यालय से मिल गई है। लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। -सुरेंद्र, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग, कैथल

क्योड़क क्षत्रिय पशु चिकित्सा केंद्र। संवाद

क्योड़क क्षत्रिय पशु चिकित्सा केंद्र। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X