मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बदलता भविष्य:पहली बार पायलट के साथ उड़ा चीन का इलेक्ट्रिक विमान, आखिर क्या है बैटरी वाले हवाई जहाज की तकनीक? – China’s 19-seater Electric Plane Completes First Pilot Flight Know How Does It Work?
देश

बदलता भविष्य:पहली बार पायलट के साथ उड़ा चीन का इलेक्ट्रिक विमान, आखिर क्या है बैटरी वाले हवाई जहाज की तकनीक? – China’s 19-seater Electric Plane Completes First Pilot Flight Know How Does It Work?

November 17, 2026


China's 19-Seater Electric Plane Completes First Pilot Flight Know How Does It Work?

Electric Airplane
– फोटो : Amar Ujala AI Generated

विस्तार

चीन ने इलेक्ट्रिक विमान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चीन में पहली बार 19 यात्रियों की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक पैसेंजर एयरक्राफ्ट ने पायलट के साथ सफल उड़ान भरी। इस विमान का नाम CE-25A है। इसका वजन करीब 10 टन बताया गया है और यह 300 किलोमीटर प्रति घंटे की क्रूजिंग रफ्तार से उड़ान भर सकता है। 14 नवंबर को चीन के शानडोंग प्रांत में इस विमान की पहली पायलट वाली टेस्ट फ्लाइट पूरी की गई। इस दौरान विमान में तीन क्रू मेंबर मौजूद थे। सरकारी कंपनी कमर्शियल एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना ने इसे विकसित करने का काम किया है। कंपनी के मुताबिक इस विमान को एक बार में अधिकतम 400 किलोमीटर तक की दूरी तय करने के हिसाब से तैयार किया गया है।

इस परीक्षण के दौरान विमान के सभी सिस्टम सामान्य तरीके से काम करते रहे और उसके प्रदर्शन से जुड़े सभी प्रमुख मानक उम्मीदों के मुताबिक रहे। यह उपलब्धि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अब तक बड़े यात्री विमानों में ईंधन का इस्तेमाल होता रहा है। वहीं इलेक्ट्रिक विमान बैटरी से मिलने वाली बिजली के सहारे उड़ान भरते हैं। हालांकि, इस विमान की सफल टेस्ट फ्लाइट का मतलब यह नहीं है कि यह तुरंत आम यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने से पहले इसे कई और परीक्षणों और जरूरी मंजूरियों से गुजरना होगा।

इस विमान की पहली पायलट वाली टेस्ट फ्लाइट करीब 57 मिनट 46 सेकंड तक चली। हालांकि, इस दौरान विमान 16 मिनट 38 सेकंड तक ही हवा में उड़ान भरता रहा और उसने लगभग 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद थे। इससे पहले 2 फरवरी 2026 को इस विमान ने बिना पायलट के अपनी पहली ऑटोनॉमस उड़ान पूरी की थी। इसके बाद 19 बार बिना पायलट के इसकी उड़ान से जुड़े परीक्षण भी किए गए।

इस प्रोजेक्ट को COMAC के साथ चीन की प्रमुख बैटरी निर्माता कंपनी CATL, शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी और कई अन्य संस्थान मिलकर विकसित कर रहे हैं। विमान ने नियामकीय प्रक्रिया में भी एक अहम कदम आगे बढ़ाया है। चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने इसके टाइप सर्टिफिकेट के आवेदन को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। व्यावसायिक यात्री उड़ानें शुरू करने से पहले यह मंजूरी जरूरी होती है।

आखिर इलेक्ट्रिक विमान कैसे काम करते हैं? क्या होता है इसका पूरा सिस्टम?

इलेक्ट्रिक विमान देखने में सामान्य हवाई जहाज जैसे ही होते हैं। वहीं इनके उड़ान भरने की प्रक्रिया पारंपरिक विमानों की तुलना में थोड़ा अलग होती है। पारंपरिक विमानों में इंजन चलाने के लिए एविएशन फ्यूल यानी विमान ईंधन का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं इलेक्ट्रिक एयरप्लेन में बैटरी से मिलने वाली बिजली के जरिए मोटर चलाई जाती है। यही मोटर विमान के पंखों पर लगे प्रोपेलर को घुमाती है, जिससे विमान को आगे बढ़ने के लिए जरूरी ताकत मिलती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X