Hamirpur (himachal) News:ई-ऑटो के 60 परमिट के लिए आए 110 आवेदन – 110 Applications Received For 60 E-auto Permits
पांच उपमंडलों में लॉटरी से होगा आवंटन, परमिट धारक को खुद चलाना होगा ऑटो
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में ई-ऑटो परमिट के लिए कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि पांचों उपमंडलों में केवल 60 परमिट ही जारी किए जाएंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर को समाप्त हो गई है। निर्धारित परमिटों से अधिक आवेदन आने के चलते अब इनका आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। हमीरपुर उपमंडल में ई-ऑटो संचालन के लिए 20 परमिट जारी होंगे, जबकि जिला के अन्य चार उपमंडलों नादौन, बड़सर, सुजानपुर और भोरंज में 10-10 परमिट आवंटित किए जाएंगे।
इन परमिटों के लिए इच्छुक बेरोजगार लोगों से फॉर्म नंबर-45 पर आरटीओ कार्यालय हमीरपुर में आवेदन आमंत्रित किए थे। ई-ऑटो का संचालन जिला एवं उपमंडल मुख्यालय की समतल सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों और बाजारों को छोड़कर अन्य मार्गों पर ही किया जा सकेगा। हालांकि, एक रूट से दूसरे रूट पर जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग को क्रॉस करने की अनुमति होगी। ई-ऑटो का संचालन संबंधित उपमंडल मुख्यालय से 20 किलोमीटर के दायरे में किया जा सकेगा। योजना के तहत एक परिवार में केवल एक ही व्यक्ति के नाम पर परमिट स्वीकृत होगा।
परमिट प्राप्त करने वाले व्यक्ति को ई-ऑटो का संचालन स्वयं करना अनिवार्य होगा, क्योंकि यह योजना स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। आवेदनों की संख्या निर्धारित परमिटों से अधिक होने के कारण लॉटरी के आधार पर आवंटन किया जाएगा। लॉटरी के दौरान आवेदक अथवा उसके द्वारा अधिकृत व्यक्ति की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। अनुपस्थित रहने वाले आवेदक का आवेदन लॉटरी में शामिल नहीं किया जाएगा।
ई-ऑटो परमिट के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया समाप्त हुई। आवंटन के लिए आगामी प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।-राजीव ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हमीरपुर
