मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊना

Una News:महिला पुलिस भर्ती में 1171 अभ्यर्थियों ने दिखाया दमखम – 1171 Candidates Demonstrated Their Mettle In The Recruitment For Female Police Personnel

November 17, 2026


876 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में अयोग्य, 295 ने किया क्वालीफाई, 540 अभ्यर्थी नहीं पहुंचीं

संवाद न्यूज एजेंसी

ऊना। हिमाचल प्रदेश पुलिस में महिला आरक्षियों की भर्ती के लिए पुलिस लाइन ऊना में सोमवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) आयोजित की गई। भर्ती प्रक्रिया में महिला अभ्यर्थियों ने मैदान में अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। सोमवार को परीक्षा के लिए कुल 1711 महिला अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इनमें से 1171 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 540 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।

शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुईं अभ्यर्थियों में से 876 निर्धारित शारीरिक मानकों पर खरा नहीं उतर पाईं और उन्हें अयोग्य घोषित किया गया। वहीं, 295 महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर अगले चरण की उम्मीदें बरकरार रखीं।

भर्ती के आंकड़ों पर नजर डालें तो एडमिट कार्ड जारी होने के बावजूद करीब 32 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचीं। वहीं, परीक्षा में शामिल हुईं महिला अभ्यर्थियों में से लगभग 25 प्रतिशत ही शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कर सकीं। करीब 75 प्रतिशत अभ्यर्थी निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर पाईं। इससे स्पष्ट है कि पुलिस भर्ती में शारीरिक दक्षता के निर्धारित मानकों को पार करना महिला अभ्यर्थियों के लिए बड़ी चुनौती रहा।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि महिला आरक्षियों की भर्ती प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाया जा रहा है। प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार परीक्षा में भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X