मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चंदौली

Chandauli News:कटरे में चल रहे निजी अस्पताल में गर्भवती की मौत, दंपती पर प्राथमिकी – Pregnant Woman Dies In Private Hospital In Katre, Fir Against Couple

November 17, 2026


इलाज के दौरान खून चढ़ाने के बाद बिगड़ी थी हालत, परिजनों ने किया हंगामा

कंदवा, चंदौली । स्थानीय चौराहा स्थित एक कटरे में चल रहे क्लिनिक में खून चढ़ाने के दौरान गर्भवती रिंकी देवी की मौत हो गई। इलाज कर रही रेखा बिंद और पति खुशिहाल बिंद पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

अदसड़ गांव निवासी सुनील राम ने बताया कि बेटे दीपक की पत्नी रिंकी की हालत खून चढ़ाने के दौरान ही बिगड़ने लगी। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजन शव लेकर वापस निजी अस्पताल पहुंचे तो वहां इलाज कर रहे दंपती और उनके सहयोगियों ने अंदर से ताला बंद कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर रेखा बिंद और उसके पति खुशिहाल बिंद को हिरासत में ले लिया। महिला के ससुर की तहरीर पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

सुनील राम ने बताया कि रविवार सुबह बहू रिंकी की तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे कंदवा चौराहे पर दयाशंकर दूबे के कटरे में चल रहे निजी अस्पताल ले गए। आरोप है कि वहां इलाज कर रही महिला ने खून की कमी बताकर आठ हजार रुपये लेकर खून चढ़ाया। कुछ देर बाद रिंकी की हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे सकलडीहा स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल महिला उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कटरे और कमरों का ताला तोड़कर महिला रेखा बिंद और उनके पति खुशिहाल बिंद को हिरासत में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घटना की जानकारी होने पर थाने में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

इनसेट

एक वर्ष पहले हुई थी रिंकी की शादी

थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल ने बताया कि रिंकी की शादी एक वर्ष पहले हुई थी। ससुर की तहरीर पर महिला और उनके पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X