मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बरेली

Bareilly News:13 साल की किशोरी से कई बार दुष्कर्म, दोषी को 20 साल की कैद – 13-year-old Girl Raped Multiple Times; Perpetrator Sentenced To 20 Years In Prison

November 17, 2026


बरेली। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या-तीन ने 13 साल की किशोरी के अपहरण और उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने के दोषी इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी समीर गुर्जर को 20 साल की कैद और 22 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर दोषी को छह माह अतिरिक्त जेल में रहना होगा।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 दिसंबर 2021 को उसकी 13 साल की बेटी गांव में दुकान से सामान खरीदने गई थी। समीर उसको बहला-फुसला कर अगवा कर ले गया। उसको बंधक बनाकर रखा। शादी का दबाव बनाया और अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, शादी का दबाव बनाने और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में चार्जशीट दाखिल कर दी।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने छह गवाह पेश किए। मेडिकल जांच में भी पीड़िता नाबालिग पाई गई। जांच में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि भी हुई। वादी, पीड़िता, सरकारी व स्वतंत्र गवाहों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अदालत ने समीर को दोषी करार देते हुए कैद व जुर्माने की सजा सुनाई है।

——

गर्भपात कराने की आरोपी झोलाछाप और उसका सहयोगी दोषमुक्त

बरेली। अपर सत्र न्यायाधीश रामानंद ने गर्भपात कराने की आरोपी क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव मधुनगला निवासी झोलाछाप महिला गुलाबो देवी और उसके सहयोगी राजकुमार को दोषमुक्त करार दिया है। यह मामला परिवाद के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट नवाबगंज के आदेश पर दर्ज किया गया था। मामले में पीड़ित महिला, उसके पति और दो स्वतंत्र गवाहों ने अदालत में बयान बदल दिए।

धनपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पांच अगस्त 2012 को उसकी पत्नी राजेश्वरी देवी के पेट में दर्द होने पर वह उसको लेकर क्योलड़िया पहुंचा। वहां गुलाबो देवी नाम की महिला बिना डिग्री के क्लीनिक चलाती है। गुलाबो देवी का दलाल राजकुमार उसको और उसकी पत्नी को लेकर गुलाबो देवी के क्लीनिक पर पहुंचा। गुलाबो देवी ने बताया कि उसकी पत्नी तीन माह की गर्भवती है और पेट में बच्चा तिरछा हो गया है। वह उसे ठीक कर देगी। गुलाबो देवी ने कुछ दवाइयां लिखीं।

मेडिकल से दवाएं लेकर वह वापस आया तब तक गुलाबो देवी ने उसकी पत्नी का गर्भपात कर दिया। नस कटने से उसकी पत्नी की हालत बिगड़ गई। बाद में कई दिन उसका पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में इलाज चला।

—–

बवाल के आरोपी को अग्रिम जमानत नहीं, जाना होगा जेल

बरेली। अपर सत्र न्यायाधीश अमृता शुक्ला ने शहर में 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के आरोपी इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी निवासी मुर्तजा खां की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी है। आरोपी को अब जेल जाना होगा। बवाल के बाद बारादरी थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने नदीम, अनीस, साजिद सकलैनी, तहमीन, वसीन तहसीनी, अजीम, अदनान, मोईन सिद्दीकी, फैजुल नबी, कलीम खां, मोबीन, नयाब उर्फ निम्मा, बबलू खां, दाऊद खां, अमन, अजमल रफी, फैजान, समनान, सम्मू खान, अरशद उल्ला, मुस्तफा नूरी, नौशाद खान, मुनीम मियां, मोहम्मद आकिब, मुन्ना, सलाउद्दीन, यूनुस, आशू को नामजद करते हुए 200-250 अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा करने, पुलिस पर पथराव और फायरिंग करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी मुर्तजा ने जेल जाने से बचने के लिए अग्रिम जमानत मांगी थी।

—–

एनडीपीएस एक्ट में दोषी को एक माह 25 दिन की कैद

बरेली। अपर सत्र न्यायाधीश राघवेंद्र मणि ने एनडीपीएस एक्ट के दोषी अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव पच्चीसा निवासी राजू उर्फ राजवीर को एक माह 25 दिन के कारावास और चार हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर दोषी को 15 दिन अतिरिक्त जेल में रहना होगा। पुलिस ने राजू को 16 दिसंबर 2019 को 160 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी ने सुनवाई के दौरान अदालत में जुर्म स्वीकार कर लिया।

—

अवैध कॉलोनी निर्माण के आरोपी को अग्रिम जमानत

बरेली। अपर सत्र न्यायाधीश अमृता शुक्ला ने धोखाधड़ी से 10 बीघा जमीन पर कब्जा कर कॉलोनी बनाने के आरोपी सुभाषनगर थाना क्षेत्र के जागृति नगर निवासी अजय यादव की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकृत कर ली है। राजीव के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपी ने याचिका में दावा किया कि कॉलोनी से उसका कोई सरोकार नहीं था। बरेली विकास प्राधिकरण ने कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया था। उसे झूठा फंसाया गया है।

—

धोखाधड़ी से ऋण लेने के आरोपी को अग्रिम जमानत नहीं

बरेली। अपर सत्र न्यायाधीश राघवेंद्र मणि ने धोखाधड़ी कर बैंक से 28 लाख रुपये का गृह ऋण लेने के मामले में आरोपी प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गुलाब नगर घोसियान निवासी फिरोज मोहम्मद की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक राजा कुमार इप्पीली ने किला थाने में फिरोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि उसने धोखाधड़ी करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे बैंक की साहूकारा शाखा से 28 लाख रुपये का गृह ऋण ले लिया। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ। गिरफ्तारी से बचने को आरोपी के लिए आरोपी ने अग्रिम जमानत मांगी थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X