मुजफ्फरपुर:दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने तीन घंटे किया सड़क जाम – Muzaffarpur Bihar News :man Died Another Critically Injured In Collision Between Two Bike People Block Road
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 37 वर्षीय युवक अरविंद प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मीनापुर-सिवाईपट्टी मुख्य सड़क पर बनघारा के पास शव रखकर हंगामा किया। वे मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को लोगों को समझाने में करीब तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद जाम हटवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
छठ का सामान खरीदने जा रहे थे अरविंद, रास्ते में हुआ हादसा
मृतक की पहचान मीनापुर प्रखंड के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के मंगेया गांव निवासी अरविंद प्रसाद के रूप में हुई है। उनकी पत्नी नीलू देवी ने बताया कि सोमवार शाम उनके पति छठ पर्व का सामान खरीदने के लिए घर से बनघारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार एक युवक भी घायल हुआ है।
सड़क किनारे भूंजा और अंडे की दुकान चलाते थे अरविंद
नीलू देवी ने बताया कि अरविंद मंगेया गांव में सड़क किनारे भूंजा और अंडे की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में 15 वर्षीय बेटा पंकज और 10 वर्षीय बेटी गुड़िया कुमारी है। पति की मौत के बाद परिवार के सामने बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पत्नी ने सरकार से बच्चों के भविष्य और परिवार के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मुआवजे की मांग को लेकर तीन घंटे तक सड़क जाम
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बनघारा के पास एक मॉल के नजदीक सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर मीनापुर-सिवाईपट्टी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और सड़क से जाम हटवाया।
आवेदन के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों ने बनघारा के पास मॉल के नजदीक शव रखकर मुआवजे की मांग की थी। सड़क को करीब तीन घंटे तक जाम रखा गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
