Fatehabad News:टोहाना और पंजाब से चुराईं पांच बाइक, नशे की पूर्ति के लिए सस्ते दामों पर बेचते थे आरोपी – Five Motorcycles Stolen From Tohana And Punjab, The Accused Used To Sell Them At Low Prices To Fund Their Drug Habit
टोहाना। पुलिस ने वाहन चोरी कर नशे की पूर्ति के लिए उन्हें सस्ते दामों पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सीआईए पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने आए पंजाब के संगरूर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी गांव कालिया निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ चुहिया और जुगराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में टोहाना के अलावा पंजाब में हुई बाइक चोरी की कई वारदात का खुलासा हुआ है।
डीएसपी जयभगवान ने बताया कि रविवार को दोनों आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए टोहाना आए थे। इसी दौरान सीआईए पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस अब इनके नेटवर्क और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
-कोर्ट परिसर और अस्पताल के बाहर से चुराई बाइक
डीएसपी ने बताया कि 14 अगस्त को टोहाना कोर्ट परिसर से बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। वहीं, 5 नवंबर को टोहाना के आरएमसी अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी हुई थी। इसके अलावा करीब तीन माह पहले पंजाब के आनंदपुर साहिब से स्प्लेंडर प्लस बाइक (पीबी-03-एएस-2199) चोरी की गई थी। पंजाब में ही स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें भी चोरी की गईं। कोर्ट परिसर से बाइक चोरी के मामले में थाना शहर टोहाना में प्राथमिकी दर्ज है।
सुखजिंदर पर पहले से दर्ज हैं चार केस
डीएसपी के अनुसार आरोपी सुखजिंदर सिंह के खिलाफ फतेहाबाद, रतिया, बरवाला और नाथूसरी चोपटा थानों में चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें तीन मामले वर्ष 2022 और एक मामला 2025 का है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और बाइक चोरी करने के बाद उन्हें सस्ते दामों पर बेचकर नशे की पूर्ति करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदात और चोरीशुदा वाहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
