मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पंचकूला

Panchkula News:आधारशिला के बाद भी शुरू नहीं हुआ मेडिकल कॉलेज का निर्माण, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार – Construction Of Medical College Yet To Begin Despite Foundation Stone Being Laid; Plea Made To The Chief Minister

November 17, 2026


पंचकूला। सेक्टर-32 में प्रस्तावित डॉ. मंगल सेन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर फेडरेशन ने सरकार से जवाब मांगा है। फेडरेशन के पूर्व महासचिव सुभाष पपनेजा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेजकर परियोजना का काम जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कॉलेज की आधारशिला रखे जाने और 1422.20 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने के बावजूद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया है।

पपनेजा ने पत्र में कहा कि पंचकूला जिले में सरकारी विश्वविद्यालयों और व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों की कमी है। उच्च तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के लिए जरूरी सरकारी ढांचा उपलब्ध कराने के मामले में जिला पीछे है। फेडरेशन वर्ष 2007 से जिले में सरकारी विश्वविद्यालय और व्यावसायिक एवं तकनीकी कॉलेज स्थापित करने की मांग उठाता रहा है।

उन्होंने 24 अप्रैल 2016 को सेक्टर-16 में आयोजित विकास रैली का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इस रैली में तत्कालीन मुख्यमंत्री के सामने मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी गई थी। सरकार की ओर से मांग स्वीकार किए जाने पर जिले के लोगों ने खुशी जताई थी।

पपनेजा ने बताया कि सेक्टर-32 में डॉ. मंगल सेन मेडिकल कॉलेज की आधारशिला 15 जनवरी 2024 को रखी गई थी। इसके बाद फरवरी 2026 में परियोजना के लिए 1422.20 करोड़ रुपये मंजूर किए जाने की जानकारी सामने आई, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर निर्माण शुरू नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है तो काम शुरू करने में देरी क्यों हो रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य शुरू कराने और परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि स्वास्थ्य मंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, विधायक चंद्रमोहन, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के अधिकारियों और एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक को भी भेजी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X