आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव के पास गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत में मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र के तारिक नगर निवासी मोनू पठान (30) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव दल ने गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर शव बाहर निकाला। अतरौलिया थाना प्रभारी अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दो ट्रेलर गोरखपुर की ओर जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
अतरौलिया थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव के पास एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 59.700 पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।
केबिन में मौजूद खलासी उसमें फंस गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उधर, हादसे के बाद दोनों ट्रेलरों के चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर भाग निकले। स्थानीय लोगों की सूचना पर यूपीडा का गश्ती दल, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।