आगरा के जीआईसी मैदान में रविवार को आयोजित दलित महासम्मेलन के जरिये साइकिल ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में नया दांव चला है। आगामी विधानसभा चुनाव की बिसात बिछाने उतरी सपा की नजर अब भाजपा के मजबूत किले को भेदने के लिए बसपा के परंपरागत वोट बैंक पर आ टिकी है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को और मजबूत करते हुए जहां एक तरफ दलित समाज को अपने साथ जोड़ने का संदेश दिया। वहीं, राणा सांगा पर बयान से चर्चाओं में आए राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को इसकी बागडोर सौंपी है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिम की धुरी माने जाने वाले आगरा और अलीगढ़ मंडल की सियासत में फूल का संगठनात्मक आधार खासा मजबूत है। पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों मंडलों की अधिकांश सीटों पर फूल ही खिला था।