मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:23 स्कूलों के 10 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचेगा स्वस्थ पीढ़ी अभियान – ‘healthy Generation’ Campaign To Reach 10,000 Students Across 23 Schools
रेवाड़ी

Rewari News:23 स्कूलों के 10 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचेगा स्वस्थ पीढ़ी अभियान – ‘healthy Generation’ Campaign To Reach 10,000 Students Across 23 Schools

November 17, 2026


रेवाड़ी। बच्चों और किशोरों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और डिजिटल दुनिया के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रेवाड़ी ने ‘स्वस्थ पीढ़ी अभियान-2026’ शुरू किया है।

‘स्वस्थ रेवाड़ी, सजग रेवाड़ी’ की थीम पर चलने वाले इस 15 दिवसीय अभियान की शुरुआत शहर के एक निजी स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र के साथ हुई। जिला प्रशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 विद्यालयों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों तक पहुंचने का लक्ष्य है।

पहले सत्र का विषय नशामुक्ति और डिजिटल सुरक्षा रहा। आईएमए अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि किशोरावस्था में लिए गए निर्णय भविष्य की दिशा तय करते हैं। बच्चों में गलत प्रभावों के सामने दृढ़ता से मना करने का आत्मविश्वास विकसित करना जरूरी है।

डॉ. राजीव विज ने तंबाकू, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से मस्तिष्क, स्मरण शक्ति और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव बताए। डॉ. पूजा अनेजा ने साइबर बुलिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने के खतरों के प्रति सचेत किया। वहीं डॉ. पूनम यादव ने मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान बताते हुए पर्याप्त नींद, खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

अभियान के तहत संबंधित निजी स्कूल से आरती शर्मा को शिक्षक समन्वयक तथा कक्षा 11वीं की तोशीका और कक्षा 10वीं के अनिरुद्ध व केशव को विद्यार्थी स्वास्थ्य दूत चुना गया। ये अगले 15 दिनों तक विद्यालय में जागरूकता गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे।

डॉ. नीरज यादव ने बताया कि अभियान में व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण एवं फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन तथा नशामुक्ति एवं डिजिटल जागरूकता पर काम होगा। समापन पर जिला स्तरीय समारोह में बेहतर स्वास्थ्य परियोजनाएं प्रस्तुत करने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने चिकित्सक टीम का आभार जताया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X