Hardoi News:रद्वेपुरवा व आजाद नगर की बिजली सप्लाई फिर बाधित – Power Supply In Radvepurva And Azad Nagar Disrupted Again
– हर साल की तरह इस बार भी 20 हजार उपभोक्ताओं की बढ़ेगी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर के पिहानी चुंगी से रद्धुपेरवा मार्ग की जर्जर बिजली लाइन अभी तक नहीं बदली गई है। इससे क्षेत्र के बीस हजार उपभोक्ताओं को बिजली की मांग बढ़ने पर आपात कटौती झेलनी पड़ती है। दो विभाग इस लाइन को बनाने की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं।
शहर के पिहानी चुंगी से सकतपुर तक मार्ग का चौड़ीकरण होना था। इस चौड़ीकरण के साथ ही बिजली लाइन को हटाकर नई लाइन बिछानी थी। यह जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई थी। विभाग ने सड़क का चौड़ीकरण तो कर दिया। हालांकि, बिजली लाइन के पोल अब सड़क पर आ गए हैं। जर्जर लाइन भी नहीं बदली गई है। विद्युत उपकेंद्र चरौली से जुड़े रद्धेपुरवा और आजाद नगर के बीस हजार उपभोक्ताओं को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। बिजली की मांग बढ़ते ही आपात कटौती शुरू हो जाती है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।
विभागों के बीच जिम्मेदारी का विवाद अधीक्षण अभियंता राजीव भट्ट ने बताया कि बिजली लाइन बनाने का काम लोक निर्माण विभाग का है। उन्हें सामग्री का परीक्षण भी कराना है। इसके लिए विद्युत विभाग ने लोक निर्माण विभाग को कई पत्र भेजे हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें बिजली लाइन न बनने की जानकारी नहीं है।
