Hardoi News:बिजली शिफ्टिंग से सात हजार से अधिक उपभोक्ता परेशान – Over 7,000 Consumers Affected By Electricity Infrastructure Shifting
हरदोई। शहर एक तरफ गैस रिसाव की समस्या और दूसरी तरफ बिजली लाइनों की शिफ्टिंग के चलते विद्युत आपूर्ति चरमरा गई। इसके कारण दो प्रमुख फीडरों से जुड़े सात हजार से अधिक उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर बिजली की आवाजाही से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
33 केवीए मन्नापुरवा क्षेत्र में सोमवार को लखनऊ मार्ग पर इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप के पास पीएनजी की पाइप लाइन में रिसाव होने लगा था। इस पर सुरक्षा को देखते हुए सुबह सवा 11 बजे उपकेंद्र से जुड़े टाउन द्वितीय की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। उसके करीब एक बजे बिजली लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू हो गया है। इससे टाउन प्रथम का भी शट डाउन हो गया। दोनों उपकेंद्र दोपहर दो बजे तक बंद रहे। बिजली आपूर्ति बंद होने से क्षेत्र के लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उपखंड अधिकारी कुलदीप शिवहरे ने बताया कि पहले सुरक्षा को देखते हुए आपूर्ति बंद की गई थी। उसके बाद पोल लगने के कारण आपूर्ति को बंद करना पड़ा। लाइन शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है। जिससे समस्या हो रही है। कार्य पूरा होते ही समस्या का निदान हो जाएगा।
