मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ayodhya News:एडवांस भुगतान का अड़ंगा, रामकथा संग्रहालय के फेज तीन का निर्माण ठप – Hurdle Over Advance Payment Brings Phase 3 Work On Ramkatha Museum To A Standstill
अयोध्या

Ayodhya News:एडवांस भुगतान का अड़ंगा, रामकथा संग्रहालय के फेज तीन का निर्माण ठप – Hurdle Over Advance Payment Brings Phase 3 Work On Ramkatha Museum To A Standstill

November 17, 2026


Hurdle over advance payment brings Phase 3 work on Ramkatha Museum to a standstill

45– फोटो नीरज कुमार (अमर उजाला)– रामकथा संग्रहालय।

अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय के फेज तीन के निर्माण कार्य पर भुगतान का पेच भारी पड़ रहा है। करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस चरण का काम पिछले एक माह से ठप है। नियमानुसार कार्यदायी संस्था को कुल लागत का 35 फीसदी अग्रिम भुगतान किया जाना है, लेकिन अब तक यह राशि नहीं मिल सकी है। इसके चलते निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

फेज तीन के तहत संग्रहालय में बिजली से जुड़े कार्य कराए जाने हैं। संग्रहालय में 20 गैलरियों का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही इनमें तकनीक विकसित करने का काम भी शुरू किया जाना है। इससे पहले बिजली संबंधी कार्य पूरे होने हैं। इस चरण में सभी 20 गैलरियों के दरवाजे लगाने के साथ ही इलेक्ट्रिकल उपकरणों और अन्य विद्युत संबंधी व्यवस्थाओं की स्थापना की जानी है। इसके तहत 25 से अधिक दरवाजे लगाए जाने हैं। भुगतान नहीं होने के कारण इन कार्यों की शुरुआत नहीं हो पा रही है।

कार्यदायी संस्था इंडिया इंजीनियर्स लिमिटेड के इंजीनियर दुर्गेश कुमार ने इस संबंध में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को पत्र लिखकर निर्धारित अग्रिम भुगतान जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि भुगतान मिलने के बाद ही काम को गति दी जा सकेगी। ऐसे में परियोजना की आगे की प्रगति अब ट्रस्ट की ओर से भुगतान जारी किए जाने पर निर्भर है।

दीपावली के बाद भी नहीं लौटे 40 फीसदी मजदूर

राम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार भी इन दिनों धीमी पड़ गई है। दीपावली पर घर गए करीब 40 फीसदी मजदूर अब तक वापस नहीं लौटे हैं। मजदूरों की संख्या कम होने से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

परिसर में अभी बाउंड्रीवाल, विश्रामालय, ऑडिटोरियम, ट्रस्ट कार्यालय और प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। श्रमिकों की कमी के चलते इन परियोजनाओं को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। त्योहार के बाद मजदूरों की वापसी में हो रही देरी से निर्माण कार्यों की समयसीमा भी प्रभावित होने की आशंका है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X