Ayodhya News:डॉक्टरों के अभिनय से जीवंत हुई रामलीला – Ramlila Brought To Life By The Performances Of Doctors
अयोध्या। दिनभर मरीजों के इलाज में व्यस्त रहने वाले चिकित्सक जब मंच पर उतरे तो अस्पताल के बजाय मंच पर रामलीला के दृश्य जीवंत हो उठे। किसी ने भगवान राम की मर्यादा का संदेश दिया तो किसी ने सीता, लक्ष्मण, भरत और हनुमान की भूमिका निभाई। मौका था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से आयोजित दिवाली उत्सव का, जहां चिकित्सकों ने अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
आईएमए अयोध्या के अध्यक्ष डॉ. आशीष श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों के साथ उनके परिवार के सदस्यों और बच्चों ने भी हिस्सा लिया। रामलीला का मुख्य आकर्षण डॉ. एसके पाठक का राम के रूप में अभिनय रहा। उमा पाठक ने सीता, डॉ. संजय पांडेय ने भरत, डॉ. एसएम द्विवेदी ने लक्ष्मण, डॉ. धर्मेंद्र ने शत्रुघ्न, डॉ. राकेश राय ने हनुमान और तौकीर अहमद ने रावण की भूमिका निभाई। वहीं, सुधा, सिम्मी और उषा ने सखी-सहेली की भूमिकाओं में अपनी प्रस्तुति दी।
मंच पर दिखी चिकित्सकों की सांस्कृतिक प्रतिभा : कार्यक्रम में बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। अयांश, युवान, अदुतिये, दृशान, नैरा और दिग्विता ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, डॉ. रूपमा दास, डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. गरिमा, पूनम यादव और डॉ. राकेश तिवारी ने गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सा सेवा के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़े रहना भी जरूरी है। रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में डॉ. शालिनी चौहान, डॉ. आकांक्षा चौधरी, डॉ. आनंद शुक्ला, डॉ. नानक सरन आदि मौजूद रहे।
