Amritsar News:बाइक फिसली, 3 किलो हेरोइन व तीन पिस्टल समेत तस्कर काबू – Bike Slipped, Smuggler Caught With 3 Kilos Of Heroin And Three Pistols
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्बा अजनाला क्षेत्र में पुलिस की गश्त के दौरान एक युवक दुर्घटना का शिकार हो गया। उसकी बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे काबू कर उसके पास से बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद किए।
थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ अजनाला से गुजरपुरा रोड की तरफ गश्त कर रहे थे। पुलिस टीम गांव गुजरपुरा की ओर मुड़ने वाले रास्ते पर निर्माणाधीन पुल के नीचे पहुंची। वहां काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखा। युवक की पीठ पर काले रंग का भारी किट बैग लटका हुआ था। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके बैग की तलाशी लेने पर तीन किलो हेरोइन मिली। इस हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
हथियार और कारतूस भी मिले
पुलिस को आरोपी के कब्जे से तीन पिस्टल बरामद हुईं। इनमें एक .30 बोर और दो 9 एमएम पिस्टल शामिल थीं। साथ ही दो मैगजीन भी मिलीं, जिनमें से एक टूटी हुई थी। पुलिस ने 9 एमएम के 43 और 311/25 मार्किंग वाले 47 कारतूस भी बरामद किए। पुलिस ने हेरोइन, हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल कब्जे में ले ली है। आरोपी के खिलाफ थाना अजनाला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
