मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नोएडा

Noida News:इको विलेज-1 में फिर 25 फीसदी बढ़ा मेंटेनेंस चार्ज, निवासियों में आक्रोश – Maintenance Charges In Eco Village-1 Increased By Another 25%; Residents Express Outrage

November 17, 2026


– फैसिलिटी प्रबंधन के खिलाफ फिर आंदोलन की तैयारी

– 7000 परिवारों पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप

माई सिटी रिपोर्टर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी में मेंटेनेंस चार्ज में एक बार फिर करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने से निवासियों में नाराजगी है। आरोप है कि फैसिलिटी प्रबंधन ने बिना पूर्व सूचना, वित्तीय पारदर्शिता और एपेक्स कोर्ट कमेटी की मंजूरी के शुल्क बढ़ा दिया है। इससे सोसाइटी के करीब 7000 परिवार प्रभावित होंगे। निवासियों ने बढ़ी दरें वापस नहीं लेने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

निवासी संजय शर्मा ने बताया कि इससे पहले एक जून 2026 से करीब 40 प्रतिशत मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाया गया था। इसके विरोध में करीब 35 दिनों तक धरना-प्रदर्शन चला था। विरोध के बाद 25 सितंबर 2026 से पुरानी दरें लागू की गई थीं। अब दोबारा शुल्क बढ़ने से लोगों में रोष है।

उन्होंने कहा कि यदि वाईजी फैसिलिटी प्रबंधन को आर्थिक नुकसान हो रहा है तो उसे एपेक्स कोर्ट कमेटी के सामने पूरा वित्तीय विवरण रखना चाहिए। आरोप है कि पिछले साढ़े तीन महीनों में कैम वृद्धि के नाम पर करीब तीन करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई, लेकिन उसका हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया। बिना अधिकृत मंजूरी के बार-बार शुल्क बढ़ाना उचित नहीं है। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में सफाई, रखरखाव और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर शिकायतें बनी हुई हैं। सुविधाओं में सुधार किए बिना शुल्क बढ़ाना स्वीकार नहीं होगा। उनका दावा है कि विधायक तेजपाल नागर ने पहले कैम चार्ज में दोबारा वृद्धि नहीं होने का आश्वासन दिया था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X